राजस्थान के पुष्कर मेले में इस बार एक नन्ही भैंस ने लोगों का दिल जीत लिया है। महज 2 फीट की पिंकी को देखने के लिए भीड़ जुट रही है, वहीं इसकी कीमत 1 करोड़ रुपये तक बताए जाने से यह मेले की सबसे चर्चित स्टार बन गई है।
राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इस बार बड़े-बड़े और भारी-भरकम पशुओं के बीच एक नन्ही भैंस ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 2 फीट की ऊंचाई वाली पिंकी को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। अपनी छोटी कद-काठी के चलते पिंकी मेले की स्टार बन गई है। सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसकी कीमत 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है।
2 फीट की पिंकी देखने उमड़ी भीड़
पुष्कर मेले में देशभर से पशुपालक अपने शानदार पशुओं के साथ पहुंचते हैं। कहीं ऊंचे कद के घोड़े आकर्षण का केंद्र बनते हैं तो कहीं भारी-भरकम भैंसें लोगों को हैरान करती हैं। लेकिन इस बार महाराष्ट्र के ठाणे से आई पिंकी ने सबको पीछे छोड़ दिया है। करीब 2 फीट की ऊंचाई वाली इस भैंस को देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। बच्चे, पर्यटक और पशुपालक इसके साथ तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
1100 किलोमीटर का सफर करके पहुंची पुष्कर
पिंकी के मालिक सोहिल शकील इसे महाराष्ट्र के ठाणे से पुष्कर मेले में लेकर आए हैं। इसके लिए उन्होंने करीब 1100 किलोमीटर का सफर तय किया। पिंकी की उम्र करीब 3 से 5 साल बताई जा रही है। इसकी छोटी कद-काठी ही इसे दूसरे पशुओं से अलग बनाती है। मालिक के मुताबिक, पिंकी का छोटा आकार प्राकृतिक है। इसकी मां भी करीब 3 फीट ऊंची थी और लगभग 2 लीटर दूध देती थी।
क्या सच में 1 करोड़ रुपये है कीमत?
सोशल मीडिया पर पिंकी की कीमत 20 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। कई वीडियो में इसे 1 करोड़ की भैंस के रूप में पेश किया गया है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मालिक का दावा है कि पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है, लेकिन अभी तक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जैसी संस्था से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके, पिंकी की अनोखी कद-काठी ने उसे पुष्कर मेले का खास आकर्षण बना दिया है।

















