Samrat Chaudhary New CM of Bihar : 19 साल की उम्र में मंत्री बनने वाले सम्राट चौधरी अब बिहार के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। वह बिहार की राजनीति के अनुभवी और कद्दावर नेता माने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आरजेडी से की, बाद में जेडीयू और फिर बीजेपी में शामिल हुए।
बिहार में अब नीतीश कुमार नहीं, सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी ऑफिस में विधायक दल की बैठक हुई, जहां सम्राट को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके नाम का ऐलान किया। कल यानि 15 अप्रैल को पटना के लोकभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। माना जा रहा है कि इस समारोह में पीएम मोदी से लेकर अमित शाह और कई सेंट्रल और बीजेपी राज्यों के सीएम शामिल हो सकते हैं।
यूं ही नहीं सम्राट चौधरी बनाया बिहार का मुख्यमंत्री
बता दें कि सम्राट चौधरी की गिनती बिहार में बीजेपी के सबसे सीनियर और कद्दावर नेताओं में होती है। उन्हें राज्य में लंबे समय तक राजनीति करने का अनुभव है। वह कई सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। कहा जा सकता है कि वह राज्य के सभी दलों में सत्ता में रह चुके हैं। भाजपा के अध्यक्ष से लेकर डिप्टी सीएम तक रह चुके हैं। वो आरएसएस संघ से निकले और अब सीएम की कुर्सी पार जाकर बैठेंगे।
सम्राट सिंह चौधरी के 5 सीक्रेट
1. कम लोगों को पता है कि बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने वाले सम्राट सिंह चौधरी 19 साल की उम्र में मंत्री बने थे। 1999 में राबड़ी देवी सरकार में सबसे युवा मंत्रियों में से एक थे।
2. सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी से 1990 के दशक में राजनीतिक पारी शुरू की थी। इसके बाद वह जेडीयू में शामिल हो गए। जहां उन्हें मंत्री भी बनाया गया। लेकिन जेडीयू छोड़ने के बाद सम्राट चौधरी ने साल 2018 में बीजेपी का दामन थाम लिया।
3. सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी बिहार के दिग्गज नेता रहे हैं। वो 7 बार सांसद से लेकर विधायक और मंत्री तक रहे। उन्होंने कांग्रेस से लेकर समता पार्टी और आरजेडी तक रह चुके थे। वहीं सम्राट की मां पार्वती चौधरी भी विधायक रही हैं। यानि सम्राट चौधरी को सियासत अपने परिवार से विरासत में मिली है।
4. बता दें कि कभी बीजेपी ने उनकी उम्र को लेकर विरोध जताया था, जिसके कारण राज्यपाल ने उन्हें मंत्री पद से हटा दिया था। लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हुए और उसी भाजपा ने अब उनको सीएम बना दिया।
5. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बचपन और घर का नाम राकेश कुमार है। उनके नाम को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। बताया जाता है कि बिहार की राजनीति में अपनी पहचान बनाने के बाद सम्राट चौधरी के रूप में लोकप्रिय हुए। हालांकि एशिया नेट इसकी पुष्टि नहीं करता है।


