Aadhaar Update Online Free: UIDAI ने 14 जून तक आधार अपडेट करने की सुविधा फ्री कर दी है। जानिए क्यों जरूरी है अपडेट करना, कैसे करें ऑनलाइन प्रक्रिया और किन बातों का रखें ध्यान।
अगर आपका आधार कार्ड 8-10 साल पुराना है, तो ये खबर आपके काम की है। एक छोटी सी लापरवाही आपको बैंक, सब्सिडी और कई जरूरी कामों में परेशानी दे सकती है। अच्छी बात ये है कि अभी आपके पास मौका है, और वो भी बिल्कुल मुफ्त।
14 जून तक फ्री में अपडेट करने का मौका
Unique Identification Authority of India यानी UIDAI इस समय आधार से जुड़े दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा मुफ्त में दे रहा है। यह सुविधा सिर्फ 14 जून तक ही उपलब्ध है। इसके बाद यही काम करने के लिए आपको तय शुल्क देना होगा। यानी अगर आप खर्च बचाना चाहते हैं, तो अभी अपडेट करना समझदारी है।
यह भी पढ़ें: TCS Nashik Case: धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न के आरोपों से हड़कंप, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
क्यों जरूरी है आधार अपडेट करना
पिछले 10 साल में किसी भी व्यक्ति की जानकारी बदल सकती है, जैसे पता, नाम की स्पेलिंग, या अन्य डिटेल्स। UIDAI का कहना है कि अगर आधार में दी गई जानकारी पुरानी या गलत है, तो कई जरूरी सेवाओं में दिक्कत आ सकती है। जैसे:
- बैंक में KYC अपडेट नहीं हो पाना
- सरकारी योजनाओं का लाभ रुकना
- पहचान सत्यापन में समस्या आना
इसी वजह से सलाह दी जाती है कि हर 10 साल में एक बार आधार अपडेट जरूर करें।
घर बैठे मोबाइल से करें अपडेट
सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल या लैपटॉप से ही यह काम पूरा कर सकते हैं। UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप आधार नंबर और OTP के जरिए लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद “Document Update” विकल्प चुनकर अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
कैसे करें अपडेट, आसान तरीका
लॉगिन करने के बाद आपको अपनी बेसिक जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, जेंडर और पता चेक करना होगा। अगर सब सही है, तो आपको पहचान और पते के प्रमाण (POI और POA) के दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसमें वोटर आईडी, पैन कार्ड या राशन कार्ड जैसे डॉक्यूमेंट इस्तेमाल किए जा सकते हैं। सबमिट करने के बाद आपको एक SRN (Service Request Number) मिलेगा, जिससे आप अपने अपडेट का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
ये छोटी गलतियां न करें
डॉक्यूमेंट अपलोड करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। आपके डॉक्यूमेंट साफ और पढ़ने लायक होने चाहिए। अगर नाम या जानकारी आधार से मैच नहीं करती, तो आपका अपडेट रिजेक्ट हो सकता है। फाइल का साइज 2MB से ज्यादा नहीं होना चाहिए और सिर्फ JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट ही मान्य हैं।
आधार अपडेट करना कोई बड़ा काम नहीं है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है। अभी आपके पास 14 जून तक का समय है, जब आप यह काम बिना किसी शुल्क के कर सकते हैं। ऐसे में बेहतर यही है कि समय रहते अपने आधार की जानकारी अपडेट कर लें और भविष्य की दिक्कतों से बचें।
यह भी पढ़ें: 18-19 साल की लड़कियों को फंसा कर मोहम्मद अयान बनता था अश्लील वीडियो, Amravati Scandal के खुलासे
