CJP Volunteer Father Death : पश्चिम बंगाल के बांकुरा में कॉकरोच जनता पार्टी के वॉलंटियर के पिता की हत्या कर दी गई। इसी बीच सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके ने बड़ा ऐलान कर दिया है।

जयपुर (राजस्थान): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में उनके एक वॉलंटियर के पिता की कथित तौर पर पिटाई की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। पार्टी ने ऐलान किया है कि उनके सदस्यों की एक टीम राज्य का दौरा करेगी और इस मामले में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

जंतर-मंतर गया था CJP का वॉलंटियर

  • CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को कहा, "हमारा वॉलंटियर अब्दुल, जो जंतर-मंतर पर भी लगातार मौजूद था, परसों अपने गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत एक स्कूल का दौरा करने गया था।"
  • रांका ने आगे बताया कि यह स्कूल इंडस ब्लॉक में था। जब वॉलंटियर अब्दुल हफीज (जिन्हें शेख रिके के नाम से भी जाना जाता है) घर पहुंचे, तो "बीजेपी के गुंडों" ने उनकी पिटाई की। बीच-बचाव करने आए अब्दुल के पिता को भी पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
  • रांका ने कहा, "और आज सुबह उनके पिता का निधन हो गया। इसलिए हमारी पूरी टीम आज रात बंगाल जा रही है। हम अब्दुल और उनके परिवार को न्याय दिलाने के बाद ही दम लेंगे।"

CJP फाउंडर अभिजीत दिपके का बड़ा ऐलान

  • CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने X पर एक पोस्ट में कहा, "अब्दुल बंगाल में उस सरकारी स्कूल का हाल देखने गया था, जहां वह कभी पढ़ता था। सरकारी स्कूलों की खराब हालत पर आवाज उठाने के लिए गुंडों (कथित तौर पर बीजेपी से) ने उन पर हमला किया, जिसमें उसने अपने पिता को खो दिया। यह सोचकर मेरा खून खौल रहा है कि बेहतर स्कूलों की मांग करने पर लोगों की हत्या की जा रही है। CJP अब्दुल और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। हम उनके पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं।
  • CJP की एक टीम पश्चिम बंगाल का दौरा करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अब्दुल और उनके परिवार को न्याय मिले। और उन नफरत फैलाने वालों के लिए जो सोचते हैं कि वे हिंसा के जरिए हमें चुप करा सकते हैं: हम पीछे नहीं हटने वाले। हमारे सदस्यों पर हमला करो, हमें धमकाओ, हमें डराने की कोशिश करो, हम और भी मजबूती से लड़ेंगे। हम चुप नहीं रहेंगे। हम डरेंगे नहीं। हम बेहतर स्कूलों के लिए लड़ते रहेंगे।"