सीजेपी (CJP) नेता अभिजीत दीपके का अक्टूबर 2023 का एक पुराना ट्वीट फिर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने वनडे विश्व कप में विराट कोहली के शतक के दौरान अंपायर द्वारा लेग-साइड की गेंद को वाइड न देने की आलोचना की थी। राजनीतिक विरोधी अब इस पर चुटकी ले रहे हैं।

Virat Kohli 48th Century: सोशल मीडिया की दुनिया में पुरानी बातें कब वापस निकलकर सामने आ जाएं, कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही कुछ हुआ है 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक और नेता अभिजीत दीपके के साथ। अक्टूबर 2023 के वनडे विश्व कप के दौरान विराट कोहली के शतक को लेकर किया गया उनका एक पुराना ट्वीट अचानक इंटरनेट पर फिर से तैरने लगा है।

Virat Kohli 48th Century News: क्या था वाइड बॉल विवाद?

यह मामला 19 अक्टूबर 2023 को भारत और बांग्लादेश के बीच पुणे में खेले गए विश्व कप मुकाबले का है। भारत लक्ष्य के करीब था और विराट कोहली 97 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्हें अपने 48वें वनडे शतक के लिए तीन रन चाहिए थे, जबकि भारत को जीत के लिए दो रन की जरूरत थी। बांग्लादेश के गेंदबाज नसुम अहमद ने लेग स्टंप के बाहर गेंद फेंकी। गेंद को वाइड दिए जाने की उम्मीद थी, लेकिन मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबरो ने अतिरिक्त रन नहीं दिया। इसके बाद कोहली ने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और भारत ने मुकाबला जीत लिया। इस फैसले पर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई।

Scroll to load tweet…

Abhijeet Dipke Tweet: अंपायर के फैसले पर क्यों उठाए सवाल?

उस वक्त अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर अंपायरिंग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था कि अंपायर का काम नियमों का निष्पक्ष पालन कराना है, न कि किसी खिलाड़ी के व्यक्तिगत मील के पत्थर (पर्सनल माइलस्टोन) के लिए ढील देना। उन्होंने पूर्व श्रीलंकाई कप्तान अर्जुन रणतुंगा के उस बयान का हवाला भी दिया था, जिसमें रणतुंगा ने कहा था कि बीसीसीआई के सामने आईसीसी बेबस नजर आती है। दीपके का तर्क था कि एक विशेष टीम के लिए अलग नियम नहीं हो सकते।

CJP नेता का पुराना ट्वीट फिर क्यों चर्चा में?

अक्टूबर 2023 की यह पोस्ट अब दोबारा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। इस विवाद में क्रिकेट, अंपायरिंग और भारतीय क्रिकेट प्रशासन को लेकर दीपके की पुरानी टिप्पणी फिर से साझा की जा रही है। फिलहाल चर्चा का केंद्र उनका पुराना ट्वीट और विराट कोहली के शतक से जुड़ा वाइड बॉल विवाद है। बीजेपी नेताओं ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि "क्या अब सीजेपी अंपायर का भी इस्तीफा मांगेगी?"

क्रिकेट फैंस और सोशल मीडिया का मिला-जुला रिएक्शन

ट्वीट दोबारा सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस और यूज़र्स के बीच बहस छिड़ गई है। कोहली के फैंस जहां अंपायर के उस समय के फैसले का बचाव कर रहे हैं और दीपके को ट्रोल कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे केवल राजनीतिक खींचातान का हिस्सा मान रहे हैं।