UP Panchayat Chunav Date Update: हाईकोर्ट ने 3 महीने में पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है। जानें प्रधानी का चुनाव कब तक हो सकता है और इसके टलने की कितनी गुंजाइश है?
UP Panchayat Election 2026: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बुधवार, 14 अक्टूबर को 3 महीने के अंदर-अंदर उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद गांवों में चुनावी सरगर्मी अचानक तेज हो गई है। लेकिन सवाल ये है कि क्या सच में 3 महीने में चुनाव हो पाएंगे? या फिर 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद ही वोट पड़ेंगे? अगर आप भी प्रधानी, बीडीसी (BDC) या जिला पंचायत का चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरने और बैनर-पोस्टर छपवाने का प्लान बनाने लगे हैं, तो आइए समझते हैं चुनाव कब तक हो सकते हैं और तीन महीने में चुनाव कराने के बीच क्या-क्या पेंच फंस रहे हैं...
यूपी पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने सरकार को आदेश दिया है कि 3 महीने में पंचायत चुनाव कराइए। इसके साथ ही कोर्ट ने ये भी कहा कि जिन पुराने प्रधानों को प्रशासक यानी पावर में बनाए रखा गया है, वो फैसला सही है। मतलब, जब तक चुनाव नहीं होते हैं, तब तक पुराने प्रधान ही कुर्सी संभालेंगे।
उत्तर प्रदेश में क्या 3 महीने में पंचायत चुनाव हो जाएंगे?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऐसा होना संभव नहीं लगता है। इसके पीछे दो सबसे बड़ी वजहें हैं...
आरक्षण (कोटे) की लिस्ट तैयार नहीं
पंचायत चुनाव में कौन-सी सीट किस जाति (SC/ST/OBC/General) के लिए आरक्षित होगी, इसके लिए सरकार ने एक 'पिछड़ा वर्ग आयोग' बनाया है। इस आयोग का कहना है कि डेटा जुटाने में ही दिसंबर 2026 तक का वक्त लगेगा और फाइनल रिपोर्ट फरवरी 2027 तक आ पाएगी। बिना इस रिपोर्ट के चुनाव होने में दिक्कत आ सकती है। हालांकि, हाईकोर्ट ने पुरानी व्यवस्था पर ही चुनाव कराने को कहा है। ऐसे में नजर सरकार के अगले आदेश पर है।
2027 का विधानसभा चुनाव
फरवरी-मार्च 2027 में यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सरकार के लिए पंचायत चुनाव से ज्यादा जरूरी विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में पूरी संभावना है कि सरकार चुनाव टालने के लिए हाईकोर्ट से और समय मांग ले या फिर सुप्रीम कोर्ट चली जाए। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी सुप्रीम कोर्ट जाने का इशारा कर दिया है। अगर सरकार को इसमें राहत मिलती है, तो जानकर मानते हैं कि विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं।
यूपी पंचायत चुनाव आखिर क्यों टाले जा रहे हैं?
आम जनता को भले ही लग रहा हो कि देरी कागजी कार्यवाही की वजह से हो रही है, लेकिन जानकार इसके पीछे 3 बड़े राजनीतिक कारण बता रहे हैं...
विधानसभा चुनाव में नुकसान का डर
2021 में भी पंचायत चुनाव हुए थे और तब सत्ताधारी पार्टी (बीजेपी) को कई जगह नुकसान उठाना पड़ा था, जिसका असर 2022 के मेन चुनावों पर भी दिखा था। इस बार सरकार कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है।
गठबंधन में तकरार की आशंका
यूपी में बीजेपी के साथ कई क्षेत्रीय पार्टियां (निषाद पार्टी, अपना दल, सुभासपा) गठबंधन में हैं। ये पार्टियां पंचायत चुनाव अपने दम पर लड़ना चाहती हैं। अगर ये सब अलग-अलग लड़े, तो वोट बंट जाएंगे और गठबंधन में दरार आ सकती है।
अपनों की आपसी लड़ाई का रिस्क
पंचायत चुनाव किसी पार्टी के सिंबल (चुनाव चिह्न) पर नहीं होते हैं। एक ही गांव में एक पार्टी के 3-4 कार्यकर्ता आमने-सामने चुनाव लड़ जाते हैं। इससे गांव स्तर पर गुटबाजी और दुश्मनी बढ़ती है। अगर ऐसा हुआ तो जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में फूट पड़ सकती है। ऐसे में 2027 के बड़े चुनाव में पार्टी के लिए काम कौन करेगा?
प्रधानी लड़ने की तैयारी करने वाले अब क्या करें?
- अपना और परिवार के सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में जरूर चेक करें।
- अपनी ग्राम पंचायत की सीट का आरक्षण तय होने तक इंतजार करें।
- राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर नजर रखें।
- चुनाव से जुड़े जरूरी कागजात तैयार रखें और उनकी जानकारी सही रखें।
- अभी चुनाव की तारीख और सीटों के आरक्षण को लेकर अंतिम तस्वीर साफ नहीं है। इसलिए तैयारी जारी रखते हुए आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करें।








