अग्निवीरों की चांदी! यूपी सरकार दे रही है 20% आरक्षण, बिना दौड़-भाग मिलेगी नौकरी
Agniveer Reservation UP : भारतीय सेना से रिटायर होने वाले अग्निवीरों के लिए यूपी सरकार का बड़ा फैसला। पुलिस के बाद अब परिवहन विभाग की सिपाही भर्ती में भी मिलेगा 20% आरक्षण। जानिए भर्ती प्रक्रिया, छूट और सरकार की पूरी योजना।

यूपी सरकार का बड़ा फैसला, परिवहन विभाग की भर्ती में मिलेगा 20% आरक्षण
चार साल तक देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद जब अग्निवीर पहली बार सेना से रिटायर होंगे, तब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल रोजगार का होगा। इसी अहम मोड़ पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसे न सिर्फ अग्निवीरों के भविष्य की सुरक्षा के तौर पर देखा जा रहा है, बल्कि इसे उनके सम्मान से जुड़ा कदम भी माना जा रहा है। पुलिस भर्ती के बाद अब यूपी सरकार ने परिवहन विभाग की सिपाही भर्ती में भी अग्निवीरों को 20 फीसदी आरक्षण देने का ऐलान कर दिया है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब भारतीय सेना में भर्ती अग्निवीरों की पहली बैच इसी साल चार साल की सेवा पूरी कर रिटायर होने जा रही है। शासन ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय को दिशा-निर्देश भेज दिए हैं और जल्द ही इसका औपचारिक शासनादेश भी जारी होने की संभावना है।
रिटायरमेंट के बाद नहीं करनी होगी लंबी प्रतीक्षा
सरकार का साफ संदेश है कि अग्निवीरों को रिटायरमेंट के बाद रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश की राजकीय सेवाओं में अवसर दिए जाएंगे। इसी नीति के तहत पिछले वर्ष पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की गई थी और अब परिवहन विभाग के प्रवर्तन सिपाहियों की भर्ती में भी यही व्यवस्था लागू की जा रही है।
सेना में कुछ, राज्य सेवाओं में बहुसंख्यक
अग्निवीर योजना के तहत चार साल की सेवा के बाद लगभग 25 फीसदी जवानों को सेना में ही स्थायी किया जाएगा, जबकि करीब 75 फीसदी अग्निवीर रिटायर होकर बाहर आएंगे। चूंकि इन जवानों को सेना में रहते हुए अनुशासन, सुरक्षा, फिटनेस और आपात स्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण मिल चुका होता है, इसलिए राज्य सरकारें उनकी क्षमताओं का उपयोग प्रशासनिक और सुरक्षा से जुड़े विभागों में करना चाहती हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि अग्निवीरों की तैनाती से न सिर्फ विभागों को प्रशिक्षित और अनुशासित मानव संसाधन मिलेगा, बल्कि कार्यसंस्कृति में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
परिवहन विभाग में भर्ती प्रक्रिया कैसी होगी
परिवहन विभाग में प्रवर्तन सिपाहियों की भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से होती है। इसमें लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट शामिल होते हैं। सरकार के फैसले के अनुसार, सेना से रिटायर अग्निवीरों को शारीरिक परीक्षा, दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट में छूट दी जाएगी। इतना ही नहीं, उन्हें लिखित परीक्षा में भी विशेष राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि परिवहन विभाग में 477 प्रवर्तन सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया इस समय अंतिम चरण में है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आने वाली भर्तियों में अग्निवीरों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।
मुख्यमंत्री की मंशा पर बनी सहमति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन ने परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा था। परिवहन आयुक्त और विभागीय टीम ने इस पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सहमति जताई है। विभाग का मानना है कि अग्निवीरों के आने से न केवल उनका सैन्य अनुभव काम आएगा, बल्कि उनकी ट्रेनिंग का फायदा अन्य कर्मचारियों को भी मिलेगा और पूरी टीम अधिक अनुशासित व प्रभावी बनेगी।
कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश सरकार का यह फैसला अग्निवीरों के लिए भरोसे का संदेश है, देश सेवा के बाद भी उनका भविष्य सुरक्षित है और उनकी मेहनत व अनुशासन को राज्य सेवा में पूरा सम्मान मिलेगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

