केरल के वायनाड में आर्थिक तनाव से जूझ रहे बिजनेसमैन एम.पी. सजीर की कार में आग लगाने से मौत हो गई। पत्नी गंभीर रूप से झुलसी है। घटना से पहले रिकॉर्ड वीडियो में उन्होंने फाइनेंशियल धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।

Wayanad Car Fire Incident: केरल के वायनाड जिले के मनंतवाडी इलाके के एरमाथेरुवु से एक बेहद दुखद घटना सामने आई। 42 वर्षीय बिजनेसमैन एम.पी. सजीर की देर रात अपनी कार में आग लगाने से मौत हो गई। जिस वक्त ये घटना हुई, उनकी पत्नी और तीन बच्चे भी कार के अंदर मौजूद थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना रात लगभग 11 बजे हुई। तब सजीर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कर्नाटक के कोडगु जिले के पोन्नमपेट तालुक स्थित कुट्टा गांव से मनंतवाडी आए थे।

उस रात आखिर क्या हुआ?

जांचकर्ताओं के मुताबिक, सजीर ने मनंतवाडी में लोकल बिजनेसमैन ई.सी. बप्पू के घर के बाहर अपनी कार पार्क की। आरोप है कि उन्होंने कार के अंदर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा दी। आग लगने के बाद कार बेकाबू होकर बप्पू के घर से भी टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग बुझाने में मदद की और कार में फंसे परिवार के सदस्यों को किसी तरह बाहर निकाला। हालांकि, सजीर गंभीर रूप से झुलस चुके थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से प्लास्टिक कंटेनर के टुकड़े बरामद किए हैं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल पेट्रोल लाने के लिए किया गया था।

पत्नी गंभीर रूप से झुलसी, बच्चे सुरक्षित

सजीर की 37 वर्षीय पत्नी नजमुन्निसा 50 प्रतिशत तक जल गई हैं। उन्हें पहले वायनाड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए कोझिकोड मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं, दो साल की बेटी आयशा को हल्की चोटें आई हैं। 14 साल का बेटा निब्रान और 9 साल का निसान पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि आग लगने के समय तीनों बच्चे कार के अंदर ही थे।

बेकरी चलाते थे सजीर

सजीर मूल रूप से कन्नूर जिले के इरिट्टी के पास वल्लीथोड के रहने वाले थे। वे पिछले कुछ वर्षों से कुट्टा में एक बेकरी चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, पहले सजीर उस कमर्शियल बिल्डिंग के मालिक थे, जहां बेकरी चलती थी। आर्थिक दिक्कतों के चलते उन्होंने प्रॉपर्टी लीज पर दे दी। बाद में लोन न चुका पाने के कारण मालिकाना हक लीज लेने वाले ईसी बप्पू को ट्रांसफर हो गया।

20 लाख रुपये के लेन-देन का आरोप

जांच में सामने आया है कि सजीर ने बप्पू को करीब 20 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि बार-बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए गए, जिससे सजीर गंभीर आर्थिक संकट में आ गए। शायद इसी वजह से सजीर ने बप्पू के घर के बाहर ही आत्मदाह किया। पूरी घटना बप्पू के घर के सामने हुई। जलती हुई कार उनके घर से टकरा गई।

सजीर ने वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

घटना से कुछ समय पहले सजीर द्वारा रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने अपनी हालत के लिए बिजनेसमैन ईसी बप्पू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बिल्डिंग ट्रांसफर से जुड़े फाइनेंशियल लेनदेन में धोखाधड़ी का आरोप लगाया। वीडियो में पूजाकल्लू के रफीक नाम के एक व्यक्ति पर भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि बप्पू और रफीक दोनों से पूछताछ की जाएगी।

बप्पू ने आरोपों को बताया झूठा, 25 लाख देने का दावा

बप्पू ने दावा सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने सजीर को करीब 25 लाख रुपये दिए थे और पिछले तीन साल से दुकान चला रहे थे। फिलहाल मनंतवाडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिश्तेदारों और गवाहों के बयान ले रही है। जांच का फोकस यह पता लगाना है कि आर्थिक विवाद कितना गंभीर था और क्या सजीर पर किसी तरह का बाहरी दबाव भी था।

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।