तरन तारन के लॉ कॉलेज में छात्र प्रिंस राज ने क्लासरूम में सहपाठी संदीप कौर को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। घटना CCTV में कैद हुई। पुलिस सगाई और एकतरफा प्यार के एंगल से इस हत्याकांड की जांच कर रही है।
Tarn Taran Law Student Murder: पंजाब के तरन तारन में लॉ कॉलेज में पढ़ने वाले एक लड़के प्रिंस राज ने अपनी ही क्लासमेट संदीप कौर को गोली मार दी। कुछ सेकेंड के अंतर में उसने दोबारा उसी पिस्तौल से खुद को भी शूट कर लिया। महज 3 सेकेंड के अंतर पर क्लासरूम के भीतर 2 लाशें बिछ गईं। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्लासरूम में घुसते ही लड़की के पास पहुंचा आरोपी
लॉ कॉलेज में लगे CCTV कैमरे की फुटेज के मुताबिक, छात्र प्रिंस राज सीधे क्लासरूम में दाखिल हुआ और तेजी से अपनी क्लासमेट संदीप कौर के पास पहुंचा। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद वे क्लासरूम के एक कोने में जाकर बैठ गए। उनके पास एक अन्य छात्रा भी खड़ी थी।
अचानक निकाली पिस्टल, बेहद करीब से मारी गोली
कुछ ही देर में प्रिंस राज और संदीप कौर दोनों खड़े हुए। तभी प्रिंस ने अचानक अपने बैग से पिस्टल निकाली और बेहद करीब से संदीप कौर के सिर में गोली मार दी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने पिस्टल दोबारा लोड की और खुद को भी शूट कर लिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखता है कि प्रिंस बिना हिचक क्लास में आता है और सीधे संदीप की ओर बढ़ता है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह अचानक गुस्से का नतीजा था या पहले से सोची-समझी साजिश।
सिर्फ 3 सेकेंड और सबकुछ खत्म
गोली लगते ही संदीप कौर की मौत हो गई, जबकि कुछ देर बाद ही आरोपी प्रिंस राज ने भी दम तोड़ दिया। चारों तरफ खून फैला हुआ था। लॉ कॉलेज के एक क्लासरूम में घटी इस घटना से स्टूडेंट्स काफी दहशत में हैं। मृत छात्रा की पहचान नौशहरा पन्नुआ गांव की रहने वाली संदीप कौर के रूप में हुई है। वहीं आरोपी छात्र प्रिंस राज मलियां गांव का निवासी था। दोनों गांवों के बीच करी 12 किलोमीटर की दूरी है।
बाहर से सामान्य, अंदर छिपा था तनाव
कॉलेज में दोनों का व्यवहार सामान्य दिखता था, लेकिन अंदर ही अंदर एक कहानी चल रही थी, जो इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गई। परिजनों के अनुसार, संदीप कौर की हाल ही में सगाई हुई थी। इसी बात से प्रिंस राज बेहद परेशान और नाखुश था। लड़की के परिवार का कहना है कि सगाई के बाद से ही आरोपी का व्यवहार बेहद आक्रामक हो गया था। पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है कि कहीं यही नाराजगी तो हत्या की वजह नहीं बनी।
मृतका की मां-बहन ने लगाए गंभीर आरोप
संदीप कौर की मां और बहन ने बताया कि प्रिंस दो से तीन बार उनके घर तक आ चुका था। उसने संदीप को प्रपोज किया था और उस पर बात करने का दबाव बनाया था। घटना वाले दिन भी वह घर आया था और धमकी दी थी कि अगर संदीप उससे बात नहीं करेगी तो वह गोली मार देगा। परिवार ने उसे समझाकर लौटा दिया था।
रिश्ते से साफ इनकार कर चुकी थी संदीप
परिजनों का कहना है कि संदीप ने साफ कह दिया था कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती है और किसी प्रेम संबंध में नहीं पड़ना चाहती। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मां छोटे-मोटे काम करके परिवार चलाती थीं।
7 बहनें और 1 छोटा भाई
घर में सात बेटियां और एक 12 साल का बेटा है। इतनी बड़ी जिम्मेदारी के बीच संदीप परिवार का सहारा बनना चाहती थी। उसने प्रिंस के किसी भी तरह के रिश्ते के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। वहीं आरोपी प्रिंस राज के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल उन्हीं की हो सकती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार प्रिंस के पास कैसे पहुंचा?
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संदीप कौर की मां के लिए यह सिर्फ उनकी बेटी का जाना नहीं, बल्कि पूरी दुनिया उजड़ जाने जैसा है। पति को पहले ही खो चुकी मां अब अपनी बेटी को भी खो बैठी है। जिस बेटी से भविष्य की उम्मीदें थीं, वही आज खामोश हो गई। घर और मोहल्ले में हर तरफ मातम पसरा है।


