तरन तारन में मारी गई लॉ छात्रा संदीप कौर की बहन ने बताया कि आरोपी प्रिंस राज एकतरफा प्यार में उसे लगातार परेशान कर रहा था। सगाई की जानकारी होने के बावजूद उसने मेरी बहन का पीछा नहीं छोड़ा और लगातार धमकियां दे रहा था।

Tarn Taran Shooting Incident: पंजाब के तरनतारन से दिल दहला देने वाली खबर है। लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा संदीप कौर को उसी के क्लासमेट प्रिंस राज ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी ने खुद को भी शूट कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत बेहद गंभीर है। इस पूरे मामले में एकतरफा प्यार और जुनून की कहानी सामने आ रही है। क्लासरूम के अंदर हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक संदीप कौर की बहन मनप्रीत कौर ने बताया कि आरोपी छात्र प्रिंस राज पिछले कई दिनों से संदीप का पीछा कर रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। उसका व्यवहार धीरे-धीरे असामान्य और आक्रामक होता जा रहा था।

शादीशुदा होने की बात कहने के बाद भी नहीं माना

मनप्रीत के मुताबिक, बीते शुक्रवार को प्रिंस ने संदीप को प्रपोज किया था। संदीप ने साफ इनकार करते हुए कहा था कि उसकी सगाई हो चुकी है और अब उनके बीच कुछ भी संभव नहीं है। इसके बावजूद आरोपी पीछे हटने को तैयार नहीं था और लगातार मेरी बहन को परेशान कर रहा था।

धमकी भरे शब्दों से जाहिर हुआ इरादा

मृतका की बहन के मुताबिक, प्रिंस अक्सर उनके घर के आसपास घूमता रहता था। शुक्रवार को उसने संदीप से कहा था, “अगर तू मेरी नहीं हुई तो मैं तुझे किसी और की भी नहीं होने दूंगा।” इसके बाद शनिवार और रविवार को कॉलेज की छुट्टी रही और सोमवार को वह हथियार लेकर कॉलेज पहुंचा, जहां उसने मेरी बहन की हत्या कर दी।

गोली लगने के बाद भी बहन से करती रही बात

मनप्रीत ने बताया कि संदीप वकील बनना चाहती थी और अपने फ्यूचर को लेकर बेहद गंभीर थी। गोली लगने के बाद भी वह फोन पर अपनी बहन से बात कर रही थी, जिससे परिवार को उम्मीद बंधी थी, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।

कॉलेज में ही हुई थी पहली मुलाकात

संदीप और प्रिंस की पहल मुलाकात कॉलेज में ही हुई थी। यह एकतरफा प्यार था, लेकिन आरोपी की हरकतें अनस्टेबल मेंटल हेल्थ की ओर इशारा करती थीं। वह रोज संदीप से I Like You कहता था और लगातार शादी के लिए दबाव बनाता था। मनप्रीत के मुताबिक, मेरी बहन संदीप ने प्रिंस को पहले ही बता दिया था कि वह पिछले तीन महीनों से इंगेज्ड है। उसने यह भी बताया था कि उनके पिता नहीं हैं और परिवार की स्थिति ठीक नहीं है। इसके बावजूद आरोपी नहीं माना।

हथियार को लेकर सुरक्षा पर सवाल

मृतका की बहन मनप्रीत का कहना है कि आरोपी के पिता भारतीय सेना में हैं और जिस पिस्टल से वारदात हुई, वह उन्हीं की बताई जा रही है। कॉलेज में आरोपी पहली बार हथियार लेकर आया था। इस घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आया और कॉलेज में सुरक्षा में चूक कैसे हुई। CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।