Ahmedabad Factory Explosion: अहमदाबाद में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द हो चुका था।

Ahmedabad Firecracker Factory Blast: गुजरात के अहमदाबाद से शनिवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई। शहर में अवैध रूप से चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह धमाका रामोल-गात्राड रोड के पास खुले मैदान में चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में दो लोगों की मौत की जानकारी मिली थी, लेकिन राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ है, उसका लाइसेंस पहले ही रद्द हो चुका था। ऐसे में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

अहमदाबाद ब्लास्ट जांच में सामने आया सबसे बड़ा खुलासा

पुलिस जांच में पता चला कि जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ, उसका संचालन मेहुल डोडिया नाम का व्यक्ति कर रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस यूनिट का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद वहां कथित तौर पर पटाखों का निर्माण जारी था। यही वजह है कि अब जांच का फोकस सिर्फ धमाके की वजह पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी है कि लाइसेंस रद्द होने के बाद फैक्ट्री आखिर चल कैसे रही थी।

Scroll to load tweet…

किस पर होगी कार्रवाई?

पुलिस ने कहा है कि मामले में गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) और विस्फोटक पदार्थ कानून (Explosives Act) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

FSL टीम करेगी धमाके की जांच

प्रशासन के मुताबिक, धमाके के बाद लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। राहत और बचाव का काम पूरा कर लिया गया है और इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी और खतरे से बचा जा सके। धमाके की असली वजह जानने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई है। विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि विस्फोट कैसे हुआ और क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपS की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई है।