Air India Pilot Salary: टाटा ग्रुप की एयर इंडिया ने अपने पायलटों को बड़ा तोहफा दिया है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलटों की सैलरी में 17% तक की बढ़ोतरी की गई है. यह फैसला 1 अप्रैल 2024 से लागू हो गया है.
Air India Express Pilot Salary: टाटा ग्रुप के हाथों में आने के बाद एयर इंडिया लगातार बड़े बदलावों के दौर से गुज़र रही है. इसी कड़ी में एयरलाइन ने अपने और एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलटों के लिए एक नई सैलरी पॉलिसी की घोषणा की है. इस नई पॉलिसी के तहत पायलटों की तनख्वाह में 17% तक का तगड़ा इजाफा किया गया है.
यह फैसला एयर इंडिया एक्सप्रेस और AIX कनेक्ट (जो पहले एयरएशिया इंडिया थी) के विलय की प्रक्रिया का हिस्सा है. कंपनी के इस कदम से पायलटों की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. ये नई दरें 1 अप्रैल 2024 से ही लागू कर दी गई हैं.
किसको मिलेगी कितनी सैलरी?
नई सैलरी संरचना के मुताबिक, अलग-अलग रैंक के पायलटों की तनख्वाह में अलग-अलग बढ़ोतरी हुई है. फर्स्ट ऑफिसर का मासिक वेतन 2.35 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.75 लाख रुपये कर दिया गया है. यह करीब 17% की बढ़ोतरी है.
इसी तरह, कैप्टन की सैलरी अब 3.6 लाख रुपये से बढ़कर 4.15 लाख रुपये प्रति माह हो गई है. वहीं, सीनियर कैप्टन की सैलरी में एक लाख रुपये का इजाफा हुआ है, और अब उन्हें 7.5 लाख की जगह 8.5 लाख रुपये हर महीने मिलेंगे.
अलाउंस और ट्रांसफर पर भी फायदा
सिर्फ सैलरी ही नहीं, बल्कि पायलटों को मिलने वाले भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है. जो पायलट बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं, उन्हें एक खास अलाउंस दिया जाएगा. इसके तहत फर्स्ट ऑफिसर को 75,000 रुपये और कैप्टन को 1 लाख रुपये हर महीने अतिरिक्त मिलेंगे.
इसके अलावा, ट्रांसफर पॉलिसी को भी आकर्षक बनाया गया है. अगर कोई पायलट एयर इंडिया से एयर इंडिया एक्सप्रेस में ट्रांसफर होता है, तो उसे एकमुश्त 4 लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस से एयर इंडिया में आने वाले पायलट को 6 लाख रुपये का वन-टाइम पेमेंट मिलेगा. ज़ाहिर है, इस फैसले से पायलटों का मनोबल बढ़ाने में मदद मिलेगी.
