कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में NSA अजित डोभाल ने हिंद महासागर की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने आतंकवाद, साइबर अपराध और आपदा राहत में सहयोग की बात कही। भारत साझा सुरक्षा लक्ष्यों के लिए तत्पर है।

हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर भारत ने सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। श्रीलंका में आयोजित कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की 8वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बैठक में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल शामिल हुए। अपने संबोधन में डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक समृद्धि और लोगों के हितों के लिए भी अहम है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ से मुकाबले, साइबर सुरक्षा और आपदा राहत जैसे मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच सहयोग की बात कही। डोभाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक को भविष्य की नई चुनौतियों और सहयोग के नए क्षेत्रों से भी जोड़ा। उन्होंने भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति और 'महासागर विजन' का जिक्र करते हुए कहा कि भारत साझा सुरक्षा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सहयोग जारी रखेगा। बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच सूचना साझा करने और नशीले पदार्थों से जुड़े नेटवर्क पर सहयोग का मुद्दा भी उठा।

YouTube video player