Ashok Kharat Case Nashik: महाराष्ट्र के नासिक में चर्चित अशोक खरात केस में नया खुलासा हुआ है। SIT जांच में दो महिला पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि क्या इनका खरात से कोई संबंध या आर्थिक लेनदेन था। मामले में 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं।

Ashok Kharat Case Update: महाराष्ट्र के नासिक में सामने आए चर्चित अशोक खरात मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस केस की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को अब एक ऐसा सुराग मिला है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस केस में अब दो महिला पुलिस अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं, जो कथित तौर पर अशोक खरात के संपर्क में थीं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन अधिकारियों का खरात से क्या संबंध था और क्या इस पूरे मामले में उनका कोई रोल भी रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

डीसीपी और एसीपी स्तर की महिला अधिकारी जांच के दायरे में

सूत्रों के अनुसार, जिन दो महिला अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, उनमें एक डीसीपी और दूसरी एसीपी रैंक की अधिकारी बताई जा रही हैं। इससे पहले इस मामले में एक आईएएस अधिकारी का नाम भी चर्चा में आ चुका है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर ये अधिकारी अशोक खरात के संपर्क में क्यों थीं।

यह भी पढ़ें: भारत दौरे पर बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान-क्या रुके हुए प्रोजेक्ट्स को मिलेगा नया जीवन?

पसंदीदा पोस्टिंग के लिए संपर्क का शक

जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह भी देखा जा रहा है कि क्या इन महिला अधिकारियों ने अपनी पसंदीदा पोस्टिंग पाने के लिए खरात से संपर्क किया था। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि क्या उनके और खरात के बीच किसी तरह का आर्थिक लेनदेन हुआ था या नहीं।

महिलाओं को जाल में फंसाने का तरीका

जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक खरात ने कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए एक खास तरीका अपनाया था। उसने अपनी इस तरकीब को ‘विज्ञान’ का नाम दिया था। हालांकि पूछताछ के दौरान उसने यह स्वीकार किया है कि वह किसी चमत्कार या वशीकरण का इस्तेमाल नहीं करता था, बल्कि महिलाओं को धमकाकर और दबाव बनाकर उनका शोषण करता था।

50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो बरामद

SIT की जांच में अब तक 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा अवैध संपत्ति और कई संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा आर्थिक और प्रभावशाली नेटवर्क भी हो सकता है।

बेटे और बेटी से भी पूछताछ

इस बीच अशोक खरात के बेटे हर्षवर्धन भी SIT के संपर्क में हैं। जांच टीम आज उससे और उसकी बहन से भी पूछताछ कर सकती है। खरात की पुलिस हिरासत का आज आखिरी दिन है और उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि कोर्ट में पेशी के दौरान SIT इस केस से जुड़े और अहम तथ्य सामने रख सकती है।

यह भी पढ़ें: Air India ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया, यात्रियों को अब कितना ज़्यादा देना होगा किराया, यहां जानें!