Varanasi Bullet Seized UGC KA BAAP: वाराणसी में बिना नंबर प्लेट की बुलेट पर ‘UGC का बाप’ लिखवाना एक शख्स को भारी पड़ गया। कैंट थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक को सीज कर लिया। बाइक नगर निगम के एक संविदा कर्मचारी के नाम पर बताई जा रही है। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Varanasi Viral Video: वाराणसी में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। शहर के बीचों-बीच प्रशासनिक इलाके में खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर ऐसा वाक्य लिखा था जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बाइक पर बड़े अक्षरों में “UGC का बाप” लिखा हुआ था और उस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। नियमों की खुली अनदेखी देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक को जब्त कर लिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर पड़ी
यह मामला वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र का है। पुलिस कचहरी गोलंबर और विकास भवन के सामने नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर उनकी नजर पड़ी, जिस पर न तो नंबर प्लेट थी और न ही कोई वैध पहचान दिखाई दे रही थी। सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई जब पुलिस ने बाइक पर लिखा वाक्य पढ़ा। बाइक के पीछे “UGC का बाप” लिखा हुआ था। प्रशासनिक इलाके में इस तरह की बाइक खड़ी देखकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: 6 साल बाद बड़ा फैसला: जयराज-बेनिक्स कस्टोडियल डेथ केस में 9 पुलिसकर्मियों को फांसी
आसपास पूछताछ के बाद बाइक उठवाई
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की कि यह बाइक किसकी है, लेकिन किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। इसके बाद थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने सिपाहियों को निर्देश दिया कि बाइक को तुरंत उठाकर थाने ले जाया जाए। पुलिस ने मौके से ही बुलेट को जब्त कर लिया और थाने में सीज कर दिया।
नगर निगम के संविदा कर्मचारी के नाम निकली बाइक
जांच के दौरान पता चला कि यह बाइक कृतिभान मणि त्रिपाठी के नाम पर दर्ज है। जानकारी के मुताबिक वह नगर निगम में संविदा कर्मचारी बताए जा रहे हैं और मूल रूप से चौबेपुर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना और इस तरह के आपत्तिजनक या भड़काऊ शब्द लिखवाना मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन है।
अब देनी पड़ सकती है सफाई
फिलहाल पुलिस ने बाइक को सीज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब वाहन मालिक को थाने में आकर अपनी इस हरकत पर जवाब देना पड़ सकता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद PAC में क्या हुआ उस रात? जवान विकास गौतम की संदिग्ध मौत से उठे कई सवाल
