मई 2025 में ऑस्ट्रेलिया में सड़क पर प्रार्थना कर रही 20 वर्षीय छात्रा को कुचलने वाले ड्राइवर को सस्पेंडेड सजा मिली है। उसने कंगारू समझकर गाड़ी नहीं रोकी थी। उस पर 10 साल का ड्राइविंग बैन भी लगा है।

ऑस्ट्रेलिया में सड़क के बीचों-बीच घुटनों के बल बैठकर प्रार्थना कर रही 20 साल की इंटरनेशनल स्टूडेंट को कार से कुचलने वाले ड्राइवर को तुरंत जेल नहीं जाना पड़ेगा। साउथ ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में मई 2025 में हुए इस हादसे में कोर्ट ने 20 साल के एश्टन फ्रेंड को सस्पेंडेड सजा सुनाई है। 20 साल की सामिया मलिक की मौत के मामले में यह फैसला आने के बाद से ही यह घटना फिर से चर्चा में आ गई है।

यह हादसा 6 मई 2025 की रात करीब 11 बजे हुआ था। साउथ ऑस्ट्रेलियन डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किए गए सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि सामिया हिलक्रेस्ट में नॉर्थ ईस्ट रोड के बीचों-बीच करीब चार मिनट तक घुटनों के बल बैठी थीं। जज एन बार्नेट ने गौर किया कि टक्कर से ठीक पहले उनके हाथ प्रार्थना की मुद्रा में थे। हालांकि, उस रात वह सड़क के बीचों-बीच बैठकर प्रार्थना क्यों कर रही थीं, इसकी असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है।

Scroll to load tweet…

टक्कर मारने के बाद नहीं रोकी गाड़ी

अपनी गर्लफ्रेंड के घर से लौट रहे एश्टन फ्रेंड पर आरोप है कि उसने छात्रा को टक्कर मारने के बाद गाड़ी नहीं रोकी। बचाव पक्ष के वकीलों ने कोर्ट में दलील दी कि एश्टन को लगा ही नहीं कि उसने किसी इंसान को टक्कर मारी है। उसे लगा कि शायद कोई जानवर (कंगारू) या सड़क पर पड़ी कोई चीज गाड़ी से टकराई है। वकीलों ने बताया कि कार में कोई खास नुकसान नहीं हुआ था और रियर-व्यू मिरर में देखने पर भी उसे कोई नजर नहीं आया।

Scroll to load tweet…

कोर्ट को बताया गया कि अगले दिन जब एश्टन ने सामिया की मौत की खबर देखी, तब जाकर उसे अपनी गलती का अहसास हुआ। सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि हादसे के वक्त एश्टन ने शराब या ड्रग्स नहीं ली थी और उसकी गाड़ी की स्पीड भी लिमिट में थी। जज ने माना कि उसे रिएक्ट करने के लिए सिर्फ 2।25 सेकंड का समय मिला था। एश्टन ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और हादसे के बाद मौके से भागने का अपना जुर्म कबूल कर लिया था। पुलिस ने उसे घटना के एक हफ्ते बाद गिरफ्तार किया था।

सस्पेंडेड सजा और ड्राइविंग पर बैन

सामिया की मौत पर एश्टन फ्रेंड ने गहरा दुख जताया और उसके परिवार से माफी भी मांगी। वहीं, अभियोजन पक्ष (प्रॉसिक्यूशन) ने कोर्ट को बताया कि हादसे से पहले कई दूसरी गाड़ियों और एक पुलिस वैन ने सड़क पर बैठी छात्रा को देखकर अपनी गाड़ी साइड से निकाल ली थी। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी गलती का अहसास होने के बाद भी एश्टन ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर नहीं किया। कोर्ट ने एश्टन फ्रेंड को 1 साल, 3 महीने और 29 दिन की जेल की सजा सुनाई, लेकिन इसे सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही 8 महीने का नॉन-पैरोल पीरियड और 2 साल का गुड बिहेवियर बॉन्ड भी लगाया गया है। इसका मतलब है कि उसे तुरंत जेल नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा, उस पर 10 साल तक गाड़ी चलाने का बैन भी लगाया गया है।