Azam Khan News : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान इन दिनों बेहद मुश्किलों में हैं। उनके जीवन में वो 40 मिनट शायद वह कभी भूल पाएंगे, जो बाहर आते आते सलाखों के पीछे पहुंच गए थे। आज फिर याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुए। लेकिन कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई की खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। करीब 11 महीने बाद जब वह जेल से बाहर आए, तो कुछ ही देर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें फिर गिरफ्तार कर लिया। इस बार मामला जौहर ट्रस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा था। अब आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है। 17 नवंबर को इस मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया।
31 अक्टूबर को जेल से निकलते ही क्या हुआ?
- आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम करीब 11 महीने से रामपुर जिला जेल में बंद थे। दोनों को कथित दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। कोर्ट ने 29 अक्टूबर को उनकी 10 साल की सजा पर रोक लगाते हुए जमानत दे दी थी।
- 31 अक्टूबर को जब आजम खान जेल से बाहर निकले, तो उन्हें लगा कि अब वह अपने परिवार और समर्थकों के बीच लौट सकेंगे। लेकिन जेल के बाहर पहले से मौजूद ED की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। करीब 40 मिनट के भीतर उनकी रिहाई दोबारा गिरफ्तारी में बदल गई। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आखिर किस मामले में हुई गिरफ्तारी?
- ED की कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है। एजेंसी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के निर्माण पर हुए खर्च और ट्रस्ट की घोषित रकम में बड़ा अंतर मिला है।
- ED का दावा है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण की कीमत करीब 494.46 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि ट्रस्ट ने अपने आयकर रिकॉर्ड में करीब 78.32 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च दिखाया। एजेंसी ने इस अंतर को लेकर जांच शुरू की। इसी मामले में 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अस्थायी रूप से अटैच की गई है। ये ED के आरोप हैं, जिनका कानूनी परीक्षण होना बाकी है।
हाईकोर्ट में क्या हुआ, अब आगे क्या होगा?
- आजम खान ने ED की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती दी है। उनके वकीलों का आरोप है कि गिरफ्तारी के समय उन्हें इसके आधार और जरूरी दस्तावेज ठीक से नहीं दिए गए। वहीं ED का कहना है कि उसने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध कराए थे।
- 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई। आजम खान की ओर से इमरान उल्लाह और कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा। कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सामने आईं और गिरफ्तारी की वैधता पर फैसला सुरक्षित रख लिया गया। अब सबकी नजर अदालत के अगले आदेश पर है।










