उत्तर प्रदेश के बहराइच में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तेंदुए को वन विभाग ने विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन के बाद पिंजरे में कैद कर लिया। मंगलवार-बुधवार की रात चली कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पकड़े गए तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच में कई दिनों से दहशत का कारण बने एक तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। मंगलवार-बुधवार की रात चले विशेष ऑपरेशन के बाद तेंदुए को पिंजरे में कैद किया गया। उसके पकड़े जाने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ा गया तेंदुआ एक वयस्क नर है। हालांकि विभाग ने ग्रामीणों को अभी भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
घर में सो रहे 28 वर्षीय युवक पर हुआ था हमला
डीएफओ अपूर्व दीक्षित के मुताबिक, कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के महबूबनगर इलाके में रहने वाले 28 वर्षीय राम सिंह पर तेंदुए ने हमला किया था। बताया गया कि युवक अपने घर में सो रहा था, तभी तेंदुआ वहां पहुंच गया और उसे उठाकर करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों की ओर ले गया। अगले दिन युवक का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद गांव में भारी दहशत फैल गई थी। स्थानीय लोगों में वन विभाग को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली, जिसके बाद विभाग ने इलाके में विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया।
यह भी पढ़ें: 5 सितंबर तक इन राज्यों में संभलकर रहें! कम बारिश के अनुमान के बीच भारी वर्षा की चेतावनी
ऐसे चला तेंदुए को पकड़ने का ऑपरेशन
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में कई जगह पिंजरे लगाए। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार कॉम्बिंग की गई। ऑपरेशन में स्थानीय ग्रामीणों ने भी वन विभाग की मदद की और हांका लगाकर टीम का सहयोग किया। मंगलवार-बुधवार की रात मजबूत घेराबंदी के दौरान आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही गांव में राहत का माहौल बन गया और लोगों ने वन विभाग की टीम को धन्यवाद दिया।
पकड़े गए तेंदुए का होगा मेडिकल परीक्षण
डीएफओ के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए को रेंज कार्यालय लाया गया है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के बाद वन विभाग आगे तय करेगा कि उसे कहां रखा या छोड़ा जाएगा।
तेंदुआ पकड़ा गया, फिर भी क्यों जारी हुई चेतावनी?
वन विभाग ने साफ कहा है कि तेंदुए के पकड़े जाने के बाद भी ग्रामीणों को सावधानी बरतनी चाहिए। अधिकारियों ने लोगों से रात के समय खुले आंगन, बरामदे या घर के बाहर सोने से बचने की अपील की है। रात में घरों और आसपास पर्याप्त रोशनी रखने की सलाह भी दी गई है। विभाग के मुताबिक, वन्यजीवों की गतिविधियों वाले इलाकों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। फिलहाल तेंदुए के पकड़े जाने से महबूबनगर और आसपास के गांवों को बड़ी राहत मिली है, लेकिन वन विभाग इलाके की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को पहली बार मिला CEO, जानिए कौन हैं एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा
