बैंकॉक का एक टैक्सी ड्राइवर 10 साल से अपनी गाड़ी में 'मिनी शॉप' चला रहा है। वह यात्रियों को मुफ्त सामान देता है और खुश होकर मिली टिप से दोबारा सामान खरीदता है। उसका यह वीडियो वायरल हो गया है।
टैक्सी ड्राइवर तो आपने बहुत देखे होंगे, लेकिन बैंकॉक का यह ड्राइवर कुछ खास है। इस ड्राइवर ने अपनी टैक्सी को एक छोटी-मोटी दुकान यानी 'मिनी शॉप' में बदल दिया है। कमाल की बात तो यह है कि वह अपनी गाड़ी में बैठने वाले यात्रियों को जरूरत का सारा सामान बिल्कुल मुफ्त में देता है। इस अनोखी टैक्सी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर '@floraandnote' नाम के यूजर ने शेयर किया है। कैप्शन में बताया गया है कि यह ड्राइवर पिछले 10 सालों से ऐसा कर रहा है। जब यात्री टैक्सी में मुफ्त सामान देखते हैं, तो वे खुश हो जाते हैं और ड्राइवर को अच्छी-खासी टिप देते हैं। ड्राइवर इन्हीं टिप के पैसों से दोबारा सामान खरीदकर अपनी गाड़ी में भर लेता है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री टैक्सी में घुसते ही हैरान रह जाते हैं। गाड़ी के अंदर टूथब्रश, मोज़े, शीशा, बेबी पाउडर और यहां तक कि बिल्लियों के लिए खाना भी रखा हुआ है। इसके अलावा, ड्राइवर यात्रियों को पीने का पानी और कॉफी भी मुफ्त में देता है।
यात्री इस टैक्सी को 'मिनी मार्ट' बुलाते हैं। यात्रियों से मिली टिप से ही दोबारा सामान खरीदकर इस सिलसिले को जारी रखने का उनका तरीका एक खूबसूरत 'पे-इट-फॉरवर्ड' (यानी नेकी को आगे बढ़ाना) मॉडल बनाता है।
इस ड्राइवर और उसकी 'मिनी शॉप' वाली टैक्सी के वीडियो ने लोगों का दिल जीत लिया है। पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स किए हैं। एक यूजर ने लिखा, 'थाई लोग बहुत क्रिएटिव तरीके से प्यार जताते हैं।' एक अन्य यूजर ने कहा, 'मुझे यह बहुत पसंद आया।'


