महाराष्ट्र के बारामती से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां NCP-SCP विधायक रोहित पवार के निजी सहायक की बेटी की लाश मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को मामला बेहद संगीन लग रहा है। वारदात की वजह का पता नहीं चला पाया है।
बारामती (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती से एक चौंकाने वाली खबर आई है। यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SCP) के विधायक रोहित पवार के पर्सनल असिस्टेंट (PA) की नाबालिग बेटी का शव रविवार सुबह उनके घर के पास मिला है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
विधायक रोहित पवार ने बताया कि उनके सहायक अजित दशावतारे की बेटी शनिवार शाम से लापता थी। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार वालों, जान-पहचान वालों और पुलिस की लंबी तलाशी के बाद लड़की का शव उसकी बिल्डिंग के पास ही मिला।
पीए की बेटी की मौत से दुखी विधायक
NCP-SP विधायक ने कहा, "देखिए, आज सुबह करीब 8:30 बजे मेरे निजी सहायक अजित की बेटी, जो बहुत छोटी थी, करीब 15 साल की, उसका शव उनकी बिल्डिंग के पास मिला। वह कल रात से लापता थी और इस बारे में पुलिस विभाग में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद अजित के दोस्तों, परिवार वालों, जान-पहचान वालों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी लड़की को खोजने की काफी कोशिश की।"
बारामती से मुंबई तक मचा हड़कंप
- पवार ने बताया कि अजित के परिवार के दोस्त और रिश्तेदार बारामती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इकट्ठा हुए हैं, जहां शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।
- मीडिया से बात करते हुए पवार ने कहा कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षक (DySP) के साथ एक लंबी बैठक की है और मामले की गहन जांच का अनुरोध किया है।
- उन्होंने कहा, "यहां के अधिकारियों से बात करने के बाद पता चला है कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही, मैंने पुलिस विभाग से लगभग आधे से एक घंटे तक बात की। लोगों के मन में जो भी शंकाएं हैं, या किसी को भी किसी तरह की आशंका है कि क्या हुआ होगा - हमने उन लोगों की पुलिस उपाधीक्षक के साथ एक बैठक करवाई।"
पवार ने कहा-मौत पर कोई राजनीत नहीं हो
- पवार ने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय अधिकारियों को अपनी जांच में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जांच ठीक से नहीं हुई तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
- उन्होंने कहा, "हमने उनसे अपील की है कि यहां कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। एक जवान लड़की की जान चली गई है, एक परिवार न्याय चाहता है, और हमें यह पता लगाने की जरूरत है कि वास्तव में क्या हुआ - क्या कोई जिम्मेदार है या कोई और कारण है। इसकी ठीक से जांच होनी चाहिए।"
- उन्होंने बताया कि मामले में और जानकारी जुटाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। (ANI)
