Baramati Aircraft Crash: पुणे के बारामती एयरस्ट्रिप के पास ट्रेनिंग विमान क्रैश-लैंड हुआ। विमान में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं, तकनीकी खराबी की जांच जारी है।
Baramati Aircraft Crash: महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को बारामती एयरस्ट्रिप के पास एक प्राइवेट कंपनी का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश-लैंडिंग कर गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लैंडिंग के दौरान एयरक्राफ्ट फिसल गया। विमान में सवार दोनों लोगों को गंभीर चोट नहीं आई है। बता दें कि 7 महीने पहले यहीं पर अजित पवार का प्लेन भी क्रैश हुआ था, जिसमें उनकी जान चली गई थी।
सेसना 172 विमान में सवार थे दो लोग
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल विमान Carver Aviation कंपनी का Cessna 172 था। विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SEX बताया गया है। इसमें दो लोग सवार थे और दोनों सुरक्षित हैं। पुणे के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि लैंडिंग के समय विमान फिसल गया था। हादसे के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तकनीकी खराबी की भी हो रही जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान में किसी तरह की तकनीकी खराबी आई थी या हादसे के पीछे कोई दूसरी वजह थी। अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। एसपी गिल ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान उसमें तकनीकी समस्या आने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि क्रैश-लैंडिंग के दौरान जमीन से टकराने से पहले विमान का एक हिस्सा लाइट के खंभे से भी टकराया था। हालांकि, हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जनवरी में अजीत पवार का विमान भी हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
- बारामती एयरस्ट्रिप पर यह घटना ऐसे समय हुई है, जब करीब 7 महीने पहले इसी एयरस्ट्रिप पर अजीत पवार का विमान हादसे का शिकार हुआ था।
- उस समय महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का विमान लैंडिंग की कोशिश करते वक्त दुर्घटना का शिकार हो गया था। 28 जनवरी 2026 को हुए इस हादसे में अजीत पवार का निधन हो गया था।
- क्रू में पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक शामिल थे। यह विमान Learjet 45 था और दूसरी कोशिश में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। यह प्राइवेट चार्टर विमान VSR Ventures का बताया गया था।
AAIB कर रहा है अजीत पवार विमान हादसे की जांच
जनवरी में हुए अजीत पवार विमान हादसे की जांच Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) कर रहा है। बताया गया है कि एजेंसी की अंतिम रिपोर्ट अगले साल जनवरी तक आने की उम्मीद है। रिपोर्ट में हादसे की वजह और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आ सकती है।
मई में भी क्रैश हुआ था ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट
- बारामती एयरस्ट्रिप के आसपास इस साल विमान हादसे की यह पहली घटना नहीं है। 13 मई को भी एक प्राइवेट कंपनी का ट्रेनर एयरक्राफ्ट बारामती एयरस्ट्रिप के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
- अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:50 बजे एयरस्ट्रिप से सटे गोजुबावी गांव के पास हुआ था। उस विमान में सिर्फ एक व्यक्ति सवार था, जो एक ट्रेनी पायलट था। वह हादसे में सुरक्षित बच गया था।
- यह विमान Redbird Flight Training Academy का था, जो बारामती एयरस्ट्रिप के पास संचालित होती है। कंपनी ने उस घटना के बाद अपने स्तर पर भी जांच शुरू करने की बात कही थी।


