Bareilly Saptanath Eco City: बरेली में 267 हेक्टेयर में सप्तनाथ इको सिटी बसाने की तैयारी है। सात नाथों के नाम पर थीम पार्क, ग्रीन बेल्ट, EWS-LIG प्लॉट और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
बरेली के शहरी नक्शे में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शहर में 267 हेक्टेयर में ‘सप्तनाथ इको सिटी’ विकसित करने की तैयारी है। खास बात यह है कि यह सिर्फ एक नई आवासीय कॉलोनी नहीं होगी, बल्कि इसे जीरो वेस्ट और इको सिटी मॉडल पर विकसित करने की योजना है। अगर योजना के मुताबिक काम आगे बढ़ा तो यहां घरों के साथ पार्क, स्कूल, अस्पताल, कमर्शियल स्पेस और ग्रुप हाउसिंग जैसी सुविधाएं भी एक ही जगह मिलेंगी।
267 हेक्टेयर में तैयार होगी सप्तनाथ इको सिटी
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की योजना के मुताबिक सप्तनाथ इको सिटी करीब 267 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। इसमें अलग-अलग श्रेणी के आवासीय भूखंडों के साथ ग्रुप हाउसिंग और कमर्शियल गतिविधियों के लिए भी जगह रखी जाएगी। टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर जोर है।
यह भी पढ़ें: रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, बंगाली सिनेमा के दिग्गज परिवार से था नाता
सात नाथों के नाम पर बनेंगे 7 थीम पार्क
इस टाउनशिप की सबसे अलग पहचान इसके सात थीम पार्क होंगे। इन्हें बरेली के सात नाथों के नाम पर विकसित करने की योजना है। इसके अलावा योजना के बीच से गुजरने वाली नहर के दोनों किनारों पर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। यानी टाउनशिप की प्लानिंग में हरियाली और सांस्कृतिक पहचान दोनों को जगह मिलेगी।
EWS-LIG के लिए भी होंगे भूखंड
सप्तनाथ इको सिटी में सिर्फ बड़े प्लॉट ही नहीं होंगे। योजना में EWS और LIG वर्ग के लिए भी भूखंड आरक्षित रखने की बात कही गई है। स्कूल, अस्पताल और दूसरी जनसुविधाओं के लिए अलग स्थान होगा। कमर्शियल प्लॉट भी रखे जाएंगे, ताकि भविष्य में टाउनशिप के भीतर रोजमर्रा की जरूरतों की सुविधाएं विकसित की जा सकें।
आपसी सहमति से ली जा रही जमीन
BDA के अनुसार फिलहाल योजना की प्लानिंग और जमीन से जुड़ी प्रक्रिया चल रही है। टाउनशिप के लिए जमीन आपसी सहमति के आधार पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। प्राधिकरण का लक्ष्य दीपावली से पहले योजना का रजिस्ट्रेशन शुरू करने का है। हालांकि अंतिम समयसीमा प्रक्रिया पूरी होने पर निर्भर करेगी।
सैटेलाइट से एयरपोर्ट तक दिखेगी नाथ थीम
सप्तनाथ इको सिटी के अलावा बरेली के एक प्रमुख मार्ग को भी नाथ थीम से जोड़ने की तैयारी है। सैटेलाइट बस अड्डे से त्रिशूल तिराहा होते हुए एयरपोर्ट तक सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव है। इसे नाथ थीम पर विकसित करने की योजना है, जिससे शहर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को भी प्रमुखता मिलेगी।
बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे के मुताबिक, सप्तनाथ इको सिटी को 267 हेक्टेयर में जीरो वेस्ट और इको सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है। इसमें सात थीम पार्क, नहर किनारे ग्रीन बेल्ट और EWS-LIG वर्ग के लिए भूखंड समेत कई सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
यह भी पढ़ें: Jamui Viral Video: हाथ जोड़ती रही छात्रा, दरिंदगी पर उतारू मनचले, SIT का बड़ा एक्शन, अब तक क्या हुआ?
