बेंगलुरु के लग्जरी होटल के बंद दरवाजे के पीछे घटित हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात! दो मासूम बेटियों का मर्डर और खून से लथपथ पिता... क्या पत्नी पर शक ही था असली मकसद या छिपा है कोई और गहरा खौफनाक राज?
बेंगलुरु: शहर के एक 5-स्टार होटल में दो बच्चियों की संदिग्ध हत्या और उनके पिता के गंभीर रूप से घायल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय SG इमरान अपनी 10 और 5 साल की बेटियों के साथ होटल में ठहरे थे। दोनों बच्चियों के शव कमरे के बिस्तर पर मिले, जबकि इमरान टॉयलेट में खून से लथपथ हालत में मिले।
कमरे का दरवाजा खुला तो सामने आया खौफनाक मंजर
पुलिस के अनुसार, परिवार ने एक दिन पहले होटल में चेक-इन किया था। अगले दिन शाम करीब 4 बजे होटल का क्लीनिंग स्टाफ कमरे की सफाई के लिए पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जब स्टाफ कमरे में दाखिल हुआ, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। दोनों मासूम बच्चियों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि इमरान टॉयलेट में खून से लथपथ हालत में मिला। उसकी गर्दन कटी हुई थी।
बेटियों की हत्या का आरोप, पिता ने खुदकुशी की कोशिश की
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जीके मिथुन कुमार के मुताबिक, इमरान ने कथित तौर पर अपनी दोनों बेटियों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि बच्चियों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। इसके बाद इमरान ने कथित तौर पर चाकू से अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की। होटल के सिक्योरिटी स्टाफ ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पत्नी पर अफेयर का शक, क्या यही था वजह?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमरान को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर कहा कि वह नहीं चाहता था कि उसकी बेटियां ऐसी मां के साथ बड़ी हों। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआती जांच में सामने आई वजह है और वास्तविक मकसद की पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जीके मिथुन कुमार के मुताबिक, इमरान नागवारा इलाके का रहने वाला है। पुलिस अब उसके परिवार से संपर्क कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि होटल में आने से पहले क्या हुआ था। उसके पेशे, पारिवारिक विवाद और घटना के पूरे क्रम की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ज़रूरी हेल्पलाइन:
- वंद्रेवाला फाउंडेशन: 9999666555 | help@vandrevalafoundation.com
- TISS iCall: 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 से रात 10 बजे)


