घर में काम करने वाली दीदी ने अपने मालिकों को सालगिरह पर गुलाब और चॉकलेट का तोहफा दिया। कपल ने पैर छूकर उनका सम्मान किया। यह दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसकी खूब तारीफ की।

सोशल मीडिया पर हर दिन ऐसे कई वीडियो वायरल होते हैं, जो सीधे हमारे दिल को छू जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो अब वायरल हो रहा है। इसमें एक घर में काम करने वाली दीदी अपने मालिकों की सालगिरह पर तोहफे में गुलाब का फूल और चॉकलेट लेकर आती हैं। यह वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है।

बेंगलुरु की नेहा हरचंदानी नाम की एक महिला ने यह प्यारा वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। नेहा ने अपने घर में काम करने वाली 'दीदी' को बस यूं ही अपनी सालगिरह के बारे में बताया था। लेकिन, दीदी ने यह बात याद रखी और कपल के लिए एक गुलाब का फूल और चॉकलेट लेकर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि दीदी ने अपने पति से कहकर ब्लिंकिट के जरिए ये दोनों चीजें ऑर्डर की थीं।

दीदी का यह सरप्राइज देखकर नेहा हैरान रह गईं। वीडियो में वह पूछती हैं, 'दीदी, आज आप यह सब क्यों लाईं? दीदी आप कितनी क्यूट हैं!' इसके जवाब में दीदी प्यार से अपना तोहफा उनकी ओर बढ़ा देती हैं। कपल ने दीदी के पैर छूकर उनका शुक्रिया अदा किया। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, 'दीदी, बस आपका आशीर्वाद हमेशा साथ रहे'।

View post on Instagram

यह वीडियो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद सैकड़ों लोग तारीफ करने लगे। एक यूजर ने लिखा, 'यह अनमोल है', जबकि दूसरे ने कमेंट किया, 'मैं इंटरनेट का बिल ऐसे ही प्यार भरे नजारे देखने के लिए भरता हूं'। लोगों ने दीदी के प्यार के साथ-साथ, उनका सम्मान करते हुए पैर छूने वाले कपल के व्यवहार की भी खूब तारीफ की।