Bengaluru Loan Case में महिला ने आरोप लगाया कि ब्याज नहीं चुका पाने पर उसे बंधक बनाकर कपड़े उतारे गए और मारपीट की गई। घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Bengaluru Loan Harassment: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज लोन का ब्याज समय पर न चुका पाने पर एक महिला को अगवा कर लिया गया। उसके साथ दरिंदगी की गई, कपड़े उतारे गए, बेरहमी से पीटा गया और इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। पुलिस ने एक्शन लेते हुए इस शर्मनाक वारदात में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नज़रत, रेशमा, सुहेल और सैफ के तौर पर हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Bengaluru Crime: 1 लाख रुपये का लोन, 6 महीने से ब्याज नहीं चुका पाई महिला
पीड़िता ने करीब दो साल पहले रेशमा से 1 लाख रुपये उधार लिए थे। महिला के मुताबिक, वह पिछले छह महीनों से इस रकम का ब्याज नहीं चुका पा रही थी। इसी दौरान उस पर भुगतान को लेकर दबाव बढ़ने लगा। महिला ने नज़रत से भी 50,000 रुपये उधार लिए थे। नज़रत से उसकी पहचान रेशमा के जरिए हुई थी। इस रकम के बदले वह हर हफ्ते 5,000 रुपये चुका रही थी। हालांकि, आर्थिक परेशानी के चलते वह करीब चार हफ्तों तक भुगतान नहीं कर सकी।

Loan Recovery: नंबर ब्लॉक कर दूसरी जगह चली गई थी महिला
पीड़िता ने बताया कि लगातार परेशान किए जाने के डर से उसने रेशमा का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया और दूसरी जगह चली गई। आरोप है कि इसके बाद नज़रत ने उसे फोन किया। उसने महिला को काम दिलाने और पैसे देने की बात कही। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे पर वह नज़रत के घर पहुंची थी। वहां सुहेल ने उसके साथ बदसलूकी की और मारपीट की।
Bengaluru Crime News: जबरन ऑटो में बैठाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद उसे जबरदस्ती ऑटो-रिक्शा में बैठाया गया। आरोप है कि रेशमा और नज़रत उसके साथ बैठी थीं, जबकि सुहेल और दो अन्य लोग भी ऑटो में मौजूद थे। महिला का आरोप है कि उसे बेंगलुरु के बाहरी इलाके कुम्बलगोडु के पास एक घर में ले जाया गया। वहां उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया।
\
महिला के कपड़े उतारकर मारपीट, वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घर में उसके कपड़े उतारे गए और उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। महिला का कहना है कि उसे वीडियो ऑनलाइन वायरल करने की धमकी दी गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Missing Complaint के बाद पुलिस ने महिला को बचाया
पीड़िता की मां ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने महिला की तलाश शुरू की और उसका पता लगाकर उसे सुरक्षित बचाया। पुलिस ने मामले में नज़रत, रेशमा, सुहेल और सैफ को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।


