दिल्ली से लेह और श्रीनगर तक धू-धूकर जला रावण। PM मोदी ने दिल्ली में दशहरा समारोह में हिस्सा लिया, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने द्वारका में रावण दहन किया। देशभर से सामने आए विजयादशमी के खास VIDEO और तस्वीरें।
देशभर में आज विजयादशमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। शाम होते ही शहर-शहर रावण के पुतलों पर अग्निबाण चला और देखते ही देखते दशानन धू-धूकर जल उठा। दिल्ली से लेकर लेह और श्रीनगर तक रावण दहन के दृश्य सामने आए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग समारोहों में जुटे।
दिल्ली में PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने किया रावण दहन
पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित DDA ग्राउंड में आयोजित दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। उन्होंने विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई और सत्य-धर्म की जीत का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि देश का हर कोना भगवान राम की भावना से जुड़ा है और रामलीला की परंपरा उनके आदर्शों को जीवित रखती है।
वहीं, दिल्ली के द्वारका में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रावण दहन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। राष्ट्रपति ने कहा कि देश-विदेश में होने वाली रामलीलाओं के जरिए करोड़ों लोग राम कथा के महान आदर्शों को याद करते हैं।
यह भी पढ़ें: रूस से तेल खरीद पर अमेरिका ने बदल लिया रुख? भारत पहुंचे रूबियो ने कह दी बड़ी बात
पटना से लुधियाना तक नेताओं ने लिया हिस्सा
बिहार के पटना स्थित गांधी मैदान में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में रावण दहन हुआ। पंजाब के लुधियाना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उत्तराखंड के देहरादून में परेड ग्राउंड पर 181 फुट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए गए। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दशहरा समारोह में शामिल हुए। उन्होंने रावण के दस सिरों को अधर्म, असत्य, अन्याय, अत्याचार, अमर्यादा, भ्रष्टाचार, दुराचार, भ्रम, दुष्प्रचार और नशे जैसी बुराइयों का प्रतीक बताया।
लेह और श्रीनगर में भी गूंजा 'जय श्री राम'
वाराणसी और हरियाणा के रोहतक समेत कई शहरों में रावण दहन किया गया। लेह के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में भी दशानन का पुतला जलाया गया, जिसका वीडियो सामने आया है। रावण के जलते ही मैदान में मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित एस.के. स्टेडियम में भी रावण दहन हुआ। यहां दशानन के साथ दो अन्य पुतलों का भी दहन किया गया। इन आयोजनों ने दिखाया कि विजयादशमी की परंपरा देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग रंगों के साथ मनाई जाती है, लेकिन संदेश एक ही है—बुराई पर अच्छाई की जीत।
यह भी पढ़ें: VIDEO: दशहरे पर PM मोदी ने चलाया धनुष-बाण, रावण दहन के बीच दिखा अलग अंदाज






