बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शर्मिला की हत्या का खुलासा। पुलिस ने 18 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रेप की कोशिश में नाकाम होने पर गला घोंटकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए घर में आग लगा दी।

बेंगलुरु: शहर के राममूर्ति नगर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शर्मिला की रहस्यमयी मौत के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पड़ोस में रहने वाले एक लड़के की हवस ने ही महिला टेकी की जान ले ली। 3 जनवरी को सुब्रमण्य लेआउट में हुई इस घटना के आरोपी, 18 साल के करनाल कुराई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जो सच उगला है, वो बेहद चौंकाने वाला है। उसने बताया कि शर्मिला के घर में कैसे घुसना है और वारदात के बाद कैसे भागना है, इसकी प्लानिंग के लिए उसने तीन बार उस जगह की रेकी की थी।

रेप की कोशिश की, गिड़गिड़ाने पर भी नहीं छोड़ा

आरोपी घर के स्लाइडिंग डोर से पीछे के रास्ते अंदर घुसा और शर्मिला से रेप की कोशिश करने लगा। जब शर्मिला ने इसका विरोध किया और बचने की कोशिश की, तो उनका सिर सोफे से टकरा गया और बहुत खून बहने लगा। इसके बावजूद, उस दरिंदे ने शर्मिला को नहीं छोड़ा। शर्मिला ने हाथ जोड़कर उसे छोड़ने की भीख भी मांगी, लेकिन उसने दोनों हाथों से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी।

मर्डर के बाद की हैवानियत सुनकर पुलिस भी सन्न

हत्या के बाद भी आरोपी की हैवानियत नहीं रुकी। उसने पुलिस को बताया कि शर्मिला की हत्या करने के बाद उसने उनके खून से सने कपड़े उतारे और उन्हीं कपड़ों से खून के धब्बे साफ किए। इसके बाद उसने लाश के साथ भी रेप की कोशिश की, लेकिन उसका शीघ्रपतन हो गया। यह सुनकर पुलिसवाले भी सन्न रह गए। बाद में उसने अलमारी से कपड़े निकालकर शर्मिला को पहनाए और उन्हें बिस्तर पर लिटा दिया। उनकी पैंट को उसने पास के घर के एक पेड़ पर फेंक दिया था। सबूत मिटाने के लिए उसने घर में टिशू पेपर से आग लगा दी, जिससे पूरे घर में धुआं भर गया और फिंगरप्रिंट समेत कई अहम सबूत नष्ट हो गए। उसने शर्मिला का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था।

पुलिस के लिए सबूत जुटाना बनी चुनौती

एक्सेंचर (Accenture) कंपनी में काम करने वाली शर्मिला के इस मर्डर केस में कातिल ने बहुत चालाकी से सबूत मिटाए हैं। घर में आग लगाने की वजह से पुलिस को फिंगरप्रिंट नहीं मिले, जो एक बड़ी चुनौती है। फिलहाल, पुलिस को FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) रिपोर्ट का इंतजार है। रेप की कोशिश की पुष्टि करने वाली यह रिपोर्ट इस केस में सबसे अहम सबूत साबित होगी।