Bhopal Farmers Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस समय हजारों की संख्या में अलग अलग जिलों से आए किसान धरने पर बैठे हैं। जिसके कारण पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस ने आंदोलन के चलते कई रूट डायवर्ट, और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
भोपाल (मध्य प्रदेश): भोपाल में अपनी मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग की खरीद और खाद के लिए ई-टोकन सिस्टम को खत्म करने जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसान भोपाल के सभी प्रमुख्य सड़कों पर धरने पर बैठ गए हैं।अब इस आंदोलन का असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। भोपाल-नर्मदापुरम हाईवे से लेकर राजधानी के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। आलम यह है कि जिस रास्ते में 10 मिनट लगते थे अब वहां सुबह और शाम को 2 से 3 घंटे लग रहे हैं।
भोपाल की इन रूट पर जाने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी
- अगर आपको भोपाल-नर्मदापुरम हाईवे से होकर कहीं जाना है तो जाने से पहले वहां की ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें।इसके लिए आप ट्रैफिक डायवर्ट वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
- वहीं आप को रानी कमला पति रेलवे स्टेशन की तरफ जाना है या कोई ट्रेन पकड़नी है तो समय लेकर निकले, नहीं तो ट्रेन निकलने के बाद बाद में पछताना पड़ेगा।
- साथ ही आप नर्मदापुरम तरफ से आने वाले सड़क मार्ग से आईएसबीटी (बस स्टैंड) जाना है तो भोपाल पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लीजिए।
- वहीं आपको बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी या एमपी नगर जाना है तो भी समय लेकर और वर्तमान हालात जानकर ही घर से निकलें।
- आपको जाम से बचना है तो पुलिस और ट्रैफिक विभाग की एडवाइजरी का पालन करें। जिससे आप अनावश्यक रूप से आंदोलन स्थल की ओर जाने से बच सकेंगे।
भोपाल के इन रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
- नर्मदापुरम रोड से भोपाल आने वाले वाहनों को 11 मील बायपास, खजूरी कला, SOS रोड और पिपलानी मार्ग से भेजा जा रहा है।
- मिसरोद गांव और बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के बीच रहने वाले लोगों को कोलार और 10 नंबर क्षेत्र जाने के लिए बवड़िया कलां ब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
- एमपी नगर से नर्मदापुरम रोड की ओर जाने वाले वाहन चालकों को गोविंदपुरा-पिपलानी, पटेल नगर या खजूरी कला मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
- एम्स भोपाल जाने वाले लोगों से कहा गया है कि वे कटारा हिल्स और बागसेवनिया मार्ग से जाएं तथा RLL ब्रिज के नीचे से बाईं ओर मुड़कर आगे बढ़ें।
- बता दें कि भोपाल में किसान आंदोलन के कारण लगने वाले जाम के चलते जिला कलेक्टर ने कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। ताकि बच्चों को परेशानी नहीं हो।
क्या हैं किसानों की मांगे और क्यों भोपाल में कर रहे हैं आंदोलन?
बता दें कि मध्य प्रदेश के अलग अलग जिलों से भोपाल आए हजारों किसानों की मांगें है कि उनको मांग मूंग की फसल की 100 फीसदी खरीदी की जाए। साथ ही ई-टोकन सिस्टम में सुधार किया जाए या इसे वापस ले लिया जाए और पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए। किसानों ने कहा हम शांतिपूर्वक विरोध कर रहे हैं। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होगी..हम यहीं रहेंगे। एक महीने का राशन पानी साथ लेकर आए हैं।


