बिहार सरकार अपनी योजनाओं पर पॉजिटिव वीडियो बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को इनाम देगी। व्यूज के आधार पर 10,000 से 1 लाख रुपये तक मिलेंगे। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का प्रचार करना है।
पटना: अगर आप सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। भारत में कंटेंट क्रिएशन एक बड़ा प्रोफेशन बन चुका है और अब सरकारें भी इसकी ताकत को पहचान रही हैं। इसी कड़ी में बिहार सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि जो कंटेंट क्रिएटर्स सरकार की योजनाओं पर वीडियो बनाकर पोस्ट करेंगे, उन्हें 10,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।
सरकारी योजनाओं पर वीडियो बनाने पर मिलेंगे पैसे
अगर कोई कंटेंट क्रिएटर बिहार सरकार की योजनाओं, उनसे मिले फायदे या राज्य में हो रहे बदलावों पर वीडियो बनाता है, तो उसे यह इनाम मिल सकता है। शर्त यह है कि वीडियो पॉजिटिव होना चाहिए और उस पर कम से कम 1 लाख व्यूज़ आने चाहिए। 1 लाख व्यूज़ पर 10,000 रुपये मिलेंगे। अगर वीडियो वायरल हो जाता है और उस पर 10 लाख व्यूज़ आ जाते हैं, तो क्रिएटर को पूरे 1 लाख रुपये मिल सकते हैं।
इसके लिए बिहार सरकार ने अपनी सोशल मीडिया पॉलिसी में कुछ अहम बदलाव किए हैं। इच्छुक क्रिएटर्स को नियमों के मुताबिक रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद सरकार कुछ पैमानों के आधार पर क्रिएटर्स को शॉर्टलिस्ट करेगी। चुने गए क्रिएटर्स को सरकार की उपलब्धियों, जन-कल्याण योजनाओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों को पॉजिटिव तरीके से लोगों तक पहुंचाना होगा।
वीडियो पोस्ट करने के 30 दिनों के अंदर आए व्यूज़ के आधार पर पैसों का हिसाब होगा। बिहार का जनसंपर्क विभाग जल्द ही इस बारे में विस्तृत गाइडलाइंस जारी करेगा, जिसमें योग्यता, शर्तें और इनाम पाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी होगी। इस पहल का मकसद डिजिटल प्लेटफॉर्म के ज़रिए सरकारी योजनाओं और सूचनाओं को ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
