Katihar Train Murder : बिहार की कटिहार पुलिस ने एक ऐसी पत्नी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने रेलवे कर्मचारी पति देवकुमार गुंजन की हत्या करवाई थी। इसके लिए उसने एक सुपारी किलर हायर किया था। पत्नी ने ही अपने आशिक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
कटिहार (बिहार): बिहार पुलिस ने एक रेलवे कर्मचारी की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके आशिक और एक सुपारी किलर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और फिर एक किराए के हत्यारे से ट्रेन में उसे गोली मरवा दी।
जनसाधारण एक्सप्रेस में रेलवे कर्मचारी को मारी थी गोली
- बिहार पुलिस के मुताबिक, देवकुमार गुंजन को 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में गोली मारी गई थी। यह घटना मानसी रेलवे पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले बदलाघाट के पास हुई थी। गोली लगने से घायल देवकुमार की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
- इस मामले में 12 जून को मानसी रेल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत केस दर्ज किया गया था।
पति के मर्डर की मास्टरमाइंड निकली पत्नी
- बिहार पुलिस ने एक बयान में बताया, "तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से मिले सबूतों के आधार पर, कटिहार रेल जिला पुलिस और STF/STAW-03 यूनिट ने एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में अजीत कुमार, समिता (पीड़ित की पत्नी), और राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई।"
- पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान अजीत कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि देवकुमार गुंजन, उसके और समिता के प्रेम संबंधों के बीच में रोड़ा बन रहा था।

इश्क में कातिल बन बैठी समिता
- पुलिस के अनुसार, "अजीत कुमार ने कबूल किया कि देवकुमार गुंजन उसके और समिता के प्रेम संबंध में एक बाधा था। एक सोची-समझी साजिश के तहत, अजीत और समिता ने धीरज नाम के एक सुपारी किलर को काम पर रखा, ताकि जब देवकुमार ट्रेन में हो तो उसे गोली मार दी जाए। बाद में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई।"
- कटिहार रेल एसपी ऑफिस से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, देवकुमार गुंजन जमुई में बिजली विभाग में कर्मचारी थे। वह अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने जा रहे थे, जो सुपौल में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात हैं। तभी ट्रेन में उन पर हमला हुआ।
कटिहार मर्डर मिस्ट्री कैसे सुलझी
- घटना के बाद, कटिहार के रेल एसपी ने मामले की जांच के लिए बरौनी रेल सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया था और जांच की लगातार निगरानी की जा रही थी।
- रेल जिला कटिहार SIT और स्पेशल टास्क फोर्स STF/STAW-03 के जॉइंट ऑपरेशन में बिजली विभाग के कर्मचारी और कथित प्रेमी अजीत कुमार, पत्नी समिता कुमारी और सुपारी किलर बताए जा रहे राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया।
- पुलिस का कहना है कि इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच और छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा, "घटना में शामिल अन्य अपराधियों के खिलाफ सघन जांच और लगातार छापेमारी की जा रही है; उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जांच पूरी की जाएगी और उन्हें सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाएगा।"
- पुलिस ने यह भी बताया कि राजू कुमार उर्फ धीरज का आपराधिक रिकॉर्ड है। वह पहले भी 11 नवंबर, 2025 की तारीख वाले मामलों में BNS की धारा 109 और 126 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत जेल जा चुका है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था और उसके आपराधिक इतिहास की और जांच की जा रही है।
- पुलिस ने जांच के दौरान समिता कुमारी, अजीत कुमार और राजू कुमार उर्फ धीरज के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच अभी जारी है।
