बिहार के बगहा में एक पति ने घरेलू झगड़े के बाद पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसे खुदकुशी दिखाने के लिए उसने शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पटना: बिहार के बगहा में एक पति ने घरेलू झगड़े के बाद अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। कत्ल के बाद उसने इसे खुदकुशी दिखाने के लिए शव को आम के पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने आरोपी पति गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। मारी गई महिला की पहचान 25 साल की हेमलता कुमारी के तौर पर हुई है। गरकट्टी गांव के पास एक बाग में महिला का शव आम के पेड़ से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस की साइंटिफिक जांच में ही ये संकेत मिल गए थे कि यह खुदकुशी नहीं, बल्कि हत्या है। शक के आधार पर पुलिस ने हेमलता के पति गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद गौतम ने हेमलता की पिटाई की। फिर पास के एक गन्ने के खेत में ले जाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद उसने कुछ देर तक शव को छिपाकर रखा। बाद में रात के अंधेरे में किसी को पता न चले, इसलिए शव को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि सब इसे खुदकुशी समझें। मारी गई हेमलता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।
