Nepal Flood Alert: नेपाल में गंडक नदी के ऊपरी इलाकों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसके चलते बिहार में भी गंडक का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। सरकार ने संबंधित जिलों को अलर्ट पर रखा है और तैयारियों का जायजा लिया है।
Gandak River Water Level: नेपाल के गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में अचानक बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद बिहार में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में भारी जलप्रवाह के कारण गंडक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। संभावित खतरे को देखते हुए बिहार सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
गंडक किनारे बसे जिलों में विशेष सतर्कता
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, गंडक नदी के किनारे बसे जिलों में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन को राहत और बचाव से जुड़े सभी इंतजाम पहले से दुरुस्त रखने को कहा गया है, ताकि स्थिति बिगड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
विभाग ने बताया कि नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा, लामजुंग और तनहुन जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ये सभी इलाके गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में आते हैं। वहीं, दोलखा और सिंधुपालचोक जिलों कोसी नदी के जलग्रहण क्षेत्र में आते हैं, जहां भी अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है।
मुख्य सचिव ने की हाई लेवल बैठक
बदलते हालात को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हाई लेवल रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में संबंधित जिलों के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी/पुलिस अधीक्षक (SP) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
बैठक में नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों की स्थिति और बिहार में संभावित प्रभाव की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने जिलों में लगातार स्थिति पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखें।
गंडक बैराज के गेट और नहरों पर निगरानी बढ़ी
जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के सभी गेट और उससे जुड़ी नहरों के जरिए पानी के बहाव को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
इसके साथ ही बांधों और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण ढांचों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस पानी के बढ़ते प्रवाह को प्रभावी तरीके से मैनेज करने और संभावित नुकसान को कम करने पर है।
सरकार की अपील- घबराएं नहीं, सतर्क रहें
बिहार सरकार ने लोगों से अपील की है कि मौजूदा स्थिति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधनों और बचाव टीमों को तैयार रखा जा रहा है।
सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। खासतौर पर गंडक नदी के आसपास रहने वाले लोगों को नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
