Patna Paliganj Murder Case : बिहार के पटना जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जिसने रोंगटे खड़ कर दिए हैं। जहां एक बड़ा भाई ऐसा जल्लाद बन गया कि अपने डेढ़ साल के भाई की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह कत्ल उसने मंदिर में किया है।
पटना जिले के पालीगंज में डेढ़ साल के बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे का बड़ा भाई उसे खिलाने के बहाने घर के पास बने दुर्गा मंदिर ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह बच्चे का शव लेकर घर लौट रहा था, तभी गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी जांच कर रही है।
खिलाने के बहाने छोटे भाई को मंदिर ले गया
- घटना रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान मनीष के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी अजीत कुमार उर्फ बाला (22) घर आया और अपने छोटे भाई मनीष को खोजने लगा। इसके बाद वह बच्चे को उसकी मां से लेकर घर के पास स्थित दुर्गा मंदिर चला गया।
- आरोप है कि मंदिर परिसर में अजीत ने बच्चे की हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को लेकर घर लौटने लगा। इसी दौरान गांव के लोगों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ लिया।
पहले लगा एक्सीडेंट हुआ, फिर सामने आई हत्या की बात
- गांव की एक महिला के मुताबिक, अजीत बच्चे को लेकर घर से निकला था। कुछ देर बाद वह बच्चे का शव लेकर लौटता दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को लगा कि बच्चे के साथ कोई हादसा हुआ है, लेकिन बाद में हत्या की बात सामने आई।
- महिला ने बताया कि अजीत बार-बार शव को छिपाने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मंदिर में हुई इस वारदात की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पिता बोले- समझ नहीं आ रहा बेटे ने ऐसा क्यों किया
- आरोपी अजीत के पिता रंजू यादव ने बताया कि घटना के समय वह खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनके छोटे बेटे की गर्दन काट दी गई है। घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।
- पिता के मुताबिक, अजीत पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटे ने अपने ही छोटे भाई की हत्या क्यों की। अगर उसे पैसों की जरूरत थी, तो वह परिवार से मांग सकता था।
नशे का आदी होने की बात आई सामने
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अजीत गांजा, स्मैक और शराब का सेवन करता था। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात की वजह का पता लगाया जा सके।
पुलिस और FSL टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद रानीतालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक बच्चे की मां के बयान के आधार पर उसके बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला को हिरासत में लिया गया है। घटनास्थल पर FSL टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार में बच्चे की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।पटना में खौफनाक वारदात! डेढ़ साल के छोटे भाई को मंदिर ले गया बड़ा भाई, फिर कर दी हत्या


