स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम पूरा गाने को लेकर हुए विवाद में BJP ने सोनिया गांधी से माफी की मांग की है। BJP का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत को बीच में रोकने की कोशिश की। पार्टी अब सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर भी विचार कर रही है।
BJP Demands Sonia Gandhi: कांग्रेस मुख्यालय (AICC) में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। BJP का आरोप है कि राष्ट्रगीत का गायन रोकने की कोशिश की गई, जिसके लिए सोनिया गांधी जिम्मेदार हैं। पार्टी अब इस मामले में सोनिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार कर रही है।
इसी बीच, BJP सांसद निशिकांत दुबे ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें राहुल गांधी कथित तौर पर सेवा दल के एक नेता से यह कहते दिख रहे हैं कि पार्टी की नीति वंदे मातरम को पूरा गाने की नहीं है। यह वीडियो कार्यक्रम के ठीक बाद का बताया जा रहा है। अब BJP इस वीडियो को भी राहुल गांधी के खिलाफ एक हथियार की तरह इस्तेमाल करने की तैयारी में है।
AICC मुख्यालय में पहली बार हुआ ऐसा
यह पहली बार था जब स्वतंत्रता दिवस पर AICC मुख्यालय में वंदे मातरम पूरा गाया गया। लेकिन कांग्रेस के लिए यही बात मुश्किल बन गई। पार्टी की घोषित नीति के खिलाफ जाकर पूरा वंदे मातरम गाए जाने से कांग्रेस आलाकमान असहज हो गया। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन गायकों के ग्रुप ने राष्ट्रगीत पूरा गाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही पहले दो छंद के बाद भी गाना जारी रहा, मंच पर मौजूद नेता बेचैन हो गए। राहुल गांधी ने सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ देखा। इसके बाद खड़गे और सोनिया गांधी ने दखल दिया। सोनिया गांधी को सेवा दल के एक नेता को बुलाकर डांटते हुए भी देखा गया। उन्होंने सामने बैठे नेताओं को भी गाना रोकने का इशारा किया। लेकिन तब तक गायक आखिरी छंद तक पहुंच चुके थे। इस घटना के बाद सभी नेता काफी नाखुश दिखे।
कांग्रेस नेतृत्व ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि वंदे मातरम पूरा क्यों गाया गया। माना जा रहा है कि यह आयोजकों की तरफ से हुई एक चूक थी। बाहर से बुलाए गए गायकों के ग्रुप को शायद यह निर्देश नहीं दिया गया था कि गाना कहां तक गाना है। हालांकि, पार्टी प्रवक्ता और AICC महासचिव जयराम रमेश ने इस बात से इनकार किया है कि गाना रोकने की कोशिश हुई। उनका तर्क है कि सोनिया गांधी तो बस मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।
