एक ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को ₹20 से कम के ऑर्डर पर ₹500 की टिप मिली। यह उसकी दो दिन की कमाई के बराबर थी, जिससे वह भावुक हो गया। उसका वीडियो वायरल होने पर लोगों ने टिप देने वाली महिला की उदारता की सराहना की।
सोचिए, आपने 20 रुपये से भी कम का कोई सामान ऑर्डर किया और डिलीवरी करने आए लड़के को 500 रुपये की टिप दे दी! ऐसा ही कुछ हुआ एक ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ, जिसे एक महिला कस्टमर ने 500 रुपये की टिप दे दी। लड़के की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसकी आंखों में आंसू आ गए।

'im_blinkit_rider' नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने खुद अपना यह एक्सपीरियंस शेयर किया है। वीडियो में वह बताता है कि उसे 20 रुपये से भी कम के ऑर्डर पर 500 रुपये की टिप मिली है। यह रील अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और लोग उस महिला की जमकर तारीफ कर रहे हैं। डिलीवरी बॉय का कहना है कि यह रकम उसकी दो दिन की कमाई के बराबर है।
वीडियो की शुरुआत में लड़का कहता है कि वह एक ऑर्डर डिलीवर करने आया है। फिर वह अपने फोन की स्क्रीन दिखाता है, जिस पर 20 रुपये से कम का ऑर्डर दिख रहा है। इसके बाद वह पूछता है, 'पता है दीदी ने मुझे कितने रुपये टिप दी?' और फिर 500 रुपये का नोट दिखाता है। वह इमोशनल होकर कहता है कि यह टिप उसकी दो दिन की कमाई है। वीडियो के आखिर में वह 'थैंक यू, दीदी' कहता है।
इस पोस्ट पर लोग खूब कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'दीदी के लिए बहुत सम्मान'। एक और यूजर ने कमेंट किया, 'शायद दीदी ने भी अपनी जिंदगी में मुश्किल समय देखा होगा, इसीलिए उन्होंने आपकी मदद करने का फैसला किया।' एक अन्य शख्स ने लिखा, 'उस महिला को सलाम। और हां, जब भी आप कुछ ऑर्डर करें, तो डिलीवरी पार्टनर्स को 20-30 रुपये देने की कोशिश करें, इससे उन्हें बहुत मदद मिलेगी।'
