BRICS Summit 2026 में पीएम मोदी के VVIP डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए। डिनर में पुतिन समेत कई नेता और भारतीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
PM Modi BRICS Dinner: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से BRICS नेताओं और अन्य गणमान्य लोगों के लिए आयोजित खास डिनर में शामिल नहीं हुए। शी जिनपिंग ने BRICS शिखर सम्मेलन के पहले दिन हिस्सा लिया था और इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की थी। हालांकि, शी जिनपिंग भारत मंडपम में आयोजित डिनर में नहीं पहुंचे। इस डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS के कई अन्य नेता मौजूद थे।
डिनर में क्यों शामिल नहीं हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग?
- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के डिनर में शामिल नहीं होने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी।
- हालांकि, एक सूत्र ने PTI को बताया कि शी आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे।
- शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।
- दो दिवसीय BRICS Summit के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित इस हाई-प्रोफाइल डिनर में शी की गैरमौजूदगी इसलिए भी खास रही, क्योंकि वे दिन के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल थे।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस भी डिनर में नहीं आए
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी इस डिनर में शामिल नहीं हुए। वह दिन में BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अपने देश लौट गए थे। भारत मंडपम में आयोजित डिनर में कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और दूसरे वरिष्ठ गणमान्य लोग शामिल हुए।
अमित शाह से लेकर कई मुख्यमंत्रियों ने लिया हिस्सा
- प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित VVIP डिनर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी डिनर में मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई मुख्यमंत्रियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
ये भी पढ़ें : BRICS Gala Dinner: खांडवी से शहतूत फिरनी तक, गाला डिनर में मेहमानों ने चखे ये 10 खास पकवान
BRICS Gala Dinner में खास शाकाहारी मेन्यू
VVIP डिनर में भारतीय खान-पान और स्वाद को खास तौर पर जगह दी गई थी। मेहमानों के लिए विस्तृत शाकाहारी मेन्यू तैयार किया गया था, जिसमें कई खास भारतीय व्यंजन शामिल थे। स्टार्टर्स में 'खांडवी मिल' और 'खुम्ब गलौटी' परोसे गए। मुख्य भोजन में 'पनीर लबाबदार', 'गुच्छी मार्मिक', 'गाजर-बीन पोरियाल' और 'मिलेट पुलाव' शामिल थे। डिनर के डेजर्ट मेन्यू में 'पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी' और 'शहतूत फिरनी' रखी गई थी। इस मेन्यू के जरिए मेहमानों को भारतीय व्यंजनों और अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद से परिचित कराने की कोशिश की गई।
100 से ज्यादा कलाकारों ने दी प्रस्तुति
डिनर के दौरान भारत और BRICS के दूसरे सदस्य देशों के 100 से अधिक कलाकारों के समूह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इस प्रस्तुति में अलग-अलग देशों की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली।
12-13 सितंबर को भारत में BRICS Summit
भारत 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन में BRICS के 11 सदस्य देशों और 10 सहयोगी देशों के नेता शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, व्यापार और दूसरे अहम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हो रही है।


