Xi Jinping gift to America: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिका को दोस्ती का खास तोहफा दिया है। 'पिंग पिंग' और 'फू शुआंग' नाम के दो विशाल पांडा अमेरिका के अटलांटा पहुंच गए हैं। इन्हें 10 साल के लिए अटलांटा चिड़ियाघर को सौंपा गया है।

China US Relations: अमेरिका और चीन के रिश्तों में पांडा डिप्लोमेसी एक बार फिर चर्चा में है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के वादे के बाद दो विशाल पांडा बोइंग 777 विमान से अमेरिका के अटलांटा पहुंच गए हैं। ‘पिंग पिंग’ और ‘फू शुआंग’ नाम के दोनों पांडा अटलांटा के हार्ट्सफील्ड-जैक्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे।

शी जिनपिंग ने बताया था दोस्ती का दूत

हाल ही में अमेरिका दौरे के दौरान शी जिनपिंग ने अमेरिका को पांडा भेजने का वादा किया था। उन्होंने इन विशाल पांडा को अमेरिका और चीन की दोस्ती का दूत बताया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच पांडा डिप्लोमेसी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।

विदेश में रहते हैं, मालिकाना हक चीन का

चीन की पांडा डिप्लोमेसी की एक खास बात यह है कि दूसरे देशों के चिड़ियाघरों में रहने के बावजूद इन पांडा का मालिकाना हक चीन के पास ही रहता है। चीन आमतौर पर अपने विशाल पांडा को कुछ वर्षों के लिए दूसरे देशों को देता है। विदेश में अगर किसी पांडा के बच्चे का जन्म होता है, तो उस पर भी चीन का अधिकार माना जाता है।

10 साल तक अटलांटा में रहेंगे पांडा

अटलांटा चिड़ियाघर और चाइनीज वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन एसोसिएशन के बीच हुए नए समझौते के तहत पिंग पिंग और फू शुआंग 10 साल तक अटलांटा में रहेंगे। हालांकि, आम लोगों को इन्हें देखने के लिए करीब एक महीने का इंतजार करना होगा। दोनों पांडा को पहले क्वारंटीन में रखा जाएगा।

चिड़ियाघर के लिए ऐतिहासिक दिन

अटलांटा चिड़ियाघर के अध्यक्ष रेमंड किंग ने पांडा के पहुंचने को बेहद खुशी का मौका बताया। उन्होंने इसे अटलांटा शहर और जॉर्जिया राज्य के लिए ऐतिहासिक पल करार दिया। पांडा के आने से चिड़ियाघर में भी उत्साह का माहौल है।

1999 से अटलांटा में रहा है पांडा परिवार

अटलांटा चिड़ियाघर में वर्ष 1999 से 2024 तक विशाल पांडा मौजूद रहे हैं। अक्टूबर 2024 में ‘लुन लुन’ और ‘यांग यांग’ को वापस चीन भेज दिया गया था। इस दौरान अटलांटा में जुड़वां बच्चों समेत कुल सात पांडा शावकों का जन्म हुआ।

पांडा डिप्लोमेसी क्यों है खास?

विशाल पांडा चीन के सबसे चर्चित वन्यजीवों में शामिल हैं और संरक्षण के लिहाज से भी इनका महत्व काफी ज्यादा है। चीन लंबे समय से पांडा को दूसरे देशों के साथ संबंधों और वन्यजीव संरक्षण सहयोग के प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल करता रहा है। अटलांटा के अलावा अमेरिका के वाशिंगटन डीसी और सैन डिएगो के चिड़ियाघरों में भी चीन से आए विशाल पांडा मौजूद हैं।