पाकिस्तान के मियांवाली में चीन-पाक निर्मित JL-8 ट्रेनर जेट तकनीकी खराबी से क्रैश हो गया। दोनों पायलट सुरक्षित बच निकले। यह हाल का 7वां विमान हादसा है, जिससे विमानों के रखरखाव और गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मियांवाली जिले में एक और एयरक्राफ्ट हादसा हुआ है। यहां रूटीन ट्रेनिंग मिशन पर निकला एक होंगडू जेएल-8 (Hongdu JL-8) ट्रेनर जेट क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि ये हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ। यह जेट चीन और पाकिस्तान ने मिलकर बनाया था। हाल के दिनों में पाकिस्तान में क्रैश होने वाला यह 7वां विमान है। हादसे से ठीक पहले दोनों पायलट जेट से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) ने अब तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।

नाटकीय तस्वीरें और पायलटों का बचाव
विमान के क्रैश होने से कुछ पल पहले ही दोनों पायलटों ने 'इजेक्ट' कर पैराशूट की मदद से छलांग लगा दी और वे बाल-बाल बच गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विमान का मलबा धूं-धूं कर जलता दिख रहा है और पायलट हवा में पैराशूट से नीचे उतरते नजर आ रहे हैं। इस हादसे में विमान पूरी तरह बर्बाद हो गया।
चीन-पाक का जॉइंट प्रोजेक्ट
यह होंगडू जेएल-8 जेट (जिसे कराकोरम-8 भी कहा जाता है) चीन और पाकिस्तान का एक जॉइंट प्रोजेक्ट है। पाकिस्तान एयर फोर्स अपने पायलटों को एडवांस ट्रेनिंग देने के लिए इन विमानों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करती है। लेकिन इस ताजा हादसे ने एक बार फिर चीन में बने रक्षा उपकरणों की क्वालिटी और उनके रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विमान हादसों का लंबा इतिहास
पाकिस्तान का मियांवाली इलाका पहले भी कई हवाई हादसों का गवाह बन चुका है। पिछले दो दशकों में यहां पुराने मॉडल और ट्रेनिंग विमानों के लगातार क्रैश होने की घटनाएं एयर फोर्स के लिए बड़ा सिरदर्द बन गई हैं।
जनवरी 2020 की त्रासदी
इसी मियांवाली के पास जनवरी 2020 में एक 'FT-7' ट्रेनिंग विमान क्रैश हुआ था, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई थी। एक आंकड़े के मुताबिक, पिछले 18 सालों में करीब 14 'FT-7' और इसके जैसे दूसरे विमान क्रैश हो चुके हैं।
अगस्त 2017 का हादसा
इसी इलाके में अगस्त 2017 में एक 'F-7' फाइटर जेट तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया था। उस हादसे में विंग कमांडर मोहम्मद शहजाद की जान चली गई थी, क्योंकि वह समय पर विमान से बाहर नहीं निकल पाए थे। पिछले एक दशक में यहां कम से 'कम दस F-7PG और FT-7 विमान हादसे का शिकार हुए हैं।
अन्य बड़े हादसे
2020 में इस्लामाबाद में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के दौरान पाकिस्तान का एक अत्याधुनिक F-16 लड़ाकू विमान भी क्रैश हो गया था, जिसने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
एयर फोर्स की हालत पर चिंता
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान एयर फोर्स में लगातार हो रहे इन हादसों की मुख्य वजह पुराने विमानों का ज्यादा इस्तेमाल और उनका सही से रखरखाव न होना है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए अपने लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करना और उनके लिए स्पेयर पार्ट्स जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
हर हादसे के बाद पाकिस्तान एयर फोर्स औपचारिक तौर पर जांच के लिए एक कमेटी बना देती है। लेकिन इन जांच रिपोर्ट्स को सार्वजनिक होने में लंबा समय लगता है, जिससे यह आरोप भी लगते हैं कि एयर फोर्स की अंदरूनी खामियों को लगातार छिपाया जा रहा है।
