मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी पार्टी LJP(RV) में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। सुरेंद्र विवेक को बिहार का नया अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वह दो बार चुनाव हार चुके हैं। आइए जानते हैं आखिर उन्हें क्यों बिहार की कमान सौंपी गई?
पटना (बिहार): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में बुधवार को एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला। पार्टी ने सुरेंद्र विवेक को अपना नया बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि मौजूदा अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी को अब राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
चुनाव हारने के बाद भी बने अध्यक्ष
- सुरेंद्र विवेक 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में साहेबपुर कमाल सीट से पार्टी के उम्मीदवार थे। हालांकि, वे RJD के सत्तानंद संबुद्ध से 15,721 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे।
- अगले साल सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे देखते हुए LJP(RV) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों की टीम में बड़ा बदलाव किया है।
- उत्तर प्रदेश में 2027 में एक बड़ा विधानसभा चुनाव होना है, और पार्टी ने पूर्वी यूपी के लिए राजीव पासी को अध्यक्ष और मध्य यूपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, पवन कुमार वर्मा को पश्चिमी यूपी की कमान सौंपी गई है। बता दें कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का खाता भी नहीं खुल पाया था।
कौन हैं सुरेंद्र विवेक
- बता दें कि सुरेंद्र विवेक को चिराग पासवान का सबसे करीबी माना जाता है। जो 2019 से लोग जनशक्ति पार्टी के साथ हैं। तभी तो विधायक का चुनाव हारने के बाद भी उन्हें एलजेपी की कमान सौंपी गई है। चिराग उनसे इससे पहले भी पार्टी को लेकर हर छोटे-बड़े फैसले में उनकी सलाह लेते थे।
- सुरेंद्र विवेक मूल रूप से बिहार में बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं। वह दो बार विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन दोनों ही बार हार का सामना करना पड़ा। पहली बार 2020 में साहेबपुर कमाल विधानसभा से मैदान में थे। वहीं 2025 में भी इसी सीट से किस्मत अजमाई, लेकिन फिर हारे।
पंजाब से गुजरात तक बदले अध्यक्ष
- अन्य राज्यों की बात की जाए तो अमर सिंह मेहमी को पंजाब, विशाल सिंह ठाकुर को उत्तराखंड, खोइरम दीपू सिंह को मणिपुर, नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश और आशीष कुमार पटेल को गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
- पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बदलाव किए हैं। मनीषंकर पांडे, मो. शमीम एम हवा, बीरेंद्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
- अब्दुल खालिक को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
