दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा के लिए तैनात एक CISF जवान पर ही महिला यात्री की छिपकर फोटो खींचने का आरोप लगा है। लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद CISF ने जवान को सस्पेंड कर दिया है और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में एक CISF जवान की शर्मनाक हरकत सामने आई है, जिसके बाद CISF ने सख्त एक्शन लिया है। जवान पर आरोप है कि वह मेट्रो में एक महिला यात्री की चोरी-छिपे अपने मोबाइल से तस्वीरें खींच रहा था। इस मामले को CISF हेडक्वार्टर ने एक 'गंभीर चूक' माना है और आरोपी जवान को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है।
CISF ने बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह पूरा मामला एम्स मेट्रो स्टेशन के पास का बताया जा रहा है। आरोप है कि CISF का जवान अपनी ड्यूटी के दौरान एक महिला यात्री की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में चुपके से कैद कर रहा था। जब साथ में सफर कर रहे दूसरे यात्रियों को उस पर शक हुआ, तो उन्होंने जवान का फोन चेक किया। फोन में उन्हें महिला की तस्वीरें मिलीं।
इसके बाद यात्रियों ने जवान को घेर लिया और उससे सवाल-जवाब करने लगे। इस वजह से मेट्रो के अंदर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और हंगामा खड़ा हो गया। मामला तूल पकड़ने के बाद, CISF के सीनियर अधिकारियों ने दखल दिया और आरोपी जवान को तुरंत सस्पेंड करने का आदेश जारी किया।
