Chief Election Commissioner: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन आज से शुरू हो रहा है। सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई है। अभिजीत दीपके ने एयरपोर्ट पर ही अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई है।

Jantar Mantar Protest Today: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर CJP का दूसरा जंतर-मंतर प्रदर्शन आज होने जा रहा है। संगठन ने समर्थकों से सुबह 10 बजे तक जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। इस प्रदर्शन को वामपंथी छात्र संगठनों, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और CPM का समर्थन मिला है। वहीं, प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। CJP नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लिए जाने की आशंका भी जताई गई है।

जंतर-मंतर पहुंचेंगे CJP के नेता, गिरफ्तारी की आशंका

CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रंगा सुबह करीब 10:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनकी योजना एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन स्थल पर जाने की है। हालांकि, अभिजीत दीपके ने आशंका जताई है कि उन्हें एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार किया जा सकता है।

CJP की क्या हैं प्रमुख मांगें?

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच कराने की मांग की है। संगठन चाहता है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए और जनवरी 2025 की मतदाता सूची दोबारा बहाल की जाए। इसके अलावा, CJP चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून में बदलाव और चुनाव आयोग की संरचना में व्यापक सुधार की मांग भी कर रहा है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ केंद्रीय बलों की 70 कंपनियां तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी कदम उठाए हैं। राजधानी में कई जगहों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन का जोर प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

57 मेट्रो स्टेशन बंद, ट्रेनों पर भी असर

प्रदर्शन से पहले 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा, बताए गए कार्यक्रम के तहत सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने की बात कही गई है। जंतर-मंतर के आसपास ओला, उबर और रैपिडो जैसी कैब सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।

कर्तव्य पथ के आसपास इंटरनेट पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था के तहत कर्तव्य पथ के चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। जनपथ और कर्तव्य पथ के आसपास लागू बताई गई ये पाबंदियां रात 10 बजे तक जारी रहेंगी। इसके साथ ही इलाके की खुदरा शराब की दुकानें भी दो दिनों के लिए बंद रखी गई हैं। हालांकि, आबकारी विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, लाइसेंस प्राप्त रेस्तरां, बार और क्लबों में शराब की बिक्री सामान्य रूप से जारी रहेगी।

दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर चेकपोस्ट, होटलों में जांच

प्रदर्शनकारियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए फरीदाबाद, बदरपुर बॉर्डर, पुल प्रह्लादपुर, शूटिंग रेंज बॉर्डर और मांगर चौक समेत आठ प्रमुख प्रवेश मार्गों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। राजधानी के होटलों और गेस्ट हाउसों में भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, होटल संचालकों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को कमरा नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों के लिए बनाए गए डिटेंशन सेंटर

प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने वाले लोगों को रखने के लिए दिल्ली में करीब 15 डिटेंशन सेंटर बनाए जाने की जानकारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच CJP के नेता और समर्थक जंतर-मंतर तक पहुंच पाते हैं या नहीं और प्रदर्शन का आगे क्या असर होता है।