विदिशा से सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ₹4,400 करोड़ की 8 सड़क परियोजनाओं और 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का लोकार्पण-शिलान्यास किया। एमपी में ₹1 लाख करोड़ के हाईवे कार्यों को मंजूरी मिली।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विदिशा जिले से ₹4,400 करोड़ से अधिक की लागत की 8 सड़क परियोजनाओं और 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

ये राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करेंगे तथा लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक विस्तार और कृषि विपणन को मजबूती देंगे। ये परियोजनाएं “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था से और मजबूत रूप से जोड़ेंगी।

मध्यप्रदेश में ₹1 लाख करोड़ के सड़क-राजमार्ग कार्यों को मंजूरी : नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत केवल सपना नहीं, बल्कि संकल्प है। उन्होंने कहा कि 2047 तक देश को विकसित बनाने के लिए पूरा देश एकजुट होकर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में ₹1 लाख करोड़ की लागत के सड़क और राजमार्ग विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जबकि ₹2 लाख करोड़ के कार्य पहले से प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योग, व्यापार, निर्यात और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। सड़क परिवहन मंत्रालय मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगा और प्रदेश में व्यापक हाईवे नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

विदिशा और आसपास के क्षेत्र को मिल रही निरंतर विकास की सौगातें: मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज का आशीर्वाद प्राप्त है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा की धरती उज्जैन की तरह पावन है और हर युग में यहां के वीरों ने अपनी पहचान बनाई है। सम्राट अशोक के काल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ।

मध्यप्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है: सीएम डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इस समय विकास का महापर्व मना रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश को ₹20 हजार करोड़ की राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के तहत बड़े स्तर पर काम चल रहे हैं, चाहे वह मुंबई में समुद्र के ऊपर बना पुल हो या सिंगरौली में पहाड़ों के बीच से निकलती सड़क।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे और 50 सड़कों के लिए मांगी गई राशि को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से आग्रह किया कि आगरा-ग्वालियर-भोपाल-नागपुर तक 500 किमी से अधिक लंबाई का नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनाया जाए। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 50 सड़कों के निर्माण के लिए ₹4500 करोड़ की मांग की गई, जिसे केंद्रीय मंत्री ने तत्काल मंजूरी प्रदान की।

रायसेन में खुलेगा मेडिकल कॉलेज: CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बड़ी घोषणाएं

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी ने विदिशा में मंच से कई अहम घोषणाएं कीं-

  • ₹16,000 करोड़ की लागत से सागर-विदिशा-कोटा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे
  • नसरुल्लागंज-बुधनी रोड को 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा
  • मध्यप्रदेश में 50 सड़कों के लिए ₹4500 करोड़, जरूरत पड़ने पर और राशि
  • विदिशा में ₹4000 करोड़ की लागत से उत्तरी बायपास
  • ₹40,000 करोड़ से ग्वालियर-भोपाल-नागपुर हाईवे, आगे हैदराबाद तक कनेक्टिविटी
  • सिंहस्थ के लिए उज्जैन-झालावाड़ हाईवे सहित अन्य सड़कें
  • सीआरएफ योजना के तहत ₹1600 करोड़, जिसमें से ₹400 करोड़ विदिशा लोकसभा क्षेत्र के लिए
  • प्रदेश को 5 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, 20 और केंद्रों को जल्द मंजूरी
  • अटल एक्सप्रेस वे से जुड़े सभी विकास कार्यों को स्वीकृति
  • गोपालपुर से भैरुंदा तक सड़क को व्हाइट टॉपिंग कंक्रीट से विकसित किया जाएगा