पुलिस अगर आपको रोक ले, पूछताछ करे या गिरफ्तार कर ले तो घबराने से पहले अपने संवैधानिक अधिकार जान लीजिए। संविधान हर नागरिक को ऐसे 5 अधिकार देता है, जिनकी जानकारी मुश्किल समय में बेहद काम आ सकती है।

दिल्ली. आज गुरूवार यानि 26 नवंबर को संविदान दिवस है। इस खास दिन के मौके पर हर भारतीय को अपने संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानना जरूरी है। खासकर तब, जब पुलिस किसी व्यक्ति को रास्ते में रोकती है, पूछताछ करती है या गिरफ्तार करती है। अक्सर लोग डर या जानकारी की कमी के कारण अपने अधिकारों का इस्तेमाल नहीं कर पाते। भारतीय संविधान और कानून नागरिकों को कई तरह की सुरक्षा देते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 जरूरी अधिकार, जिनकी जानकारी हर भारतीय को होनी चाहिए।

1. पुलिस गिरफ्तारी का कारण बताने के लिए बाध्य है

अगर पुलिस आपको गिरफ्तार करती है, तो आपको गिरफ्तारी की वजह बताना जरूरी है। संविधान के अनुच्छेद 22(1) के तहत व्यक्ति को गिरफ्तारी के आधार जानने का अधिकार है। बिना कारण बताए हिरासत में रखना संवैधानिक सुरक्षा के खिलाफ है।

2. अपनी पसंद के वकील से बात कर सकते हैं

गिरफ्तारी के बाद व्यक्ति को अपनी पसंद के वकील से सलाह लेने और कानूनी सहायता पाने का अधिकार है। अगर आर्थिक स्थिति कमजोर है और वकील का खर्च नहीं उठा सकते, तो पात्र व्यक्ति को मुफ्त कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है।

3. पुलिस 24 घंटे से ज्यादा मनमाने तरीके से हिरासत में नहीं रख सकती

संविधान के अनुच्छेद 22(2) के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति को यात्रा के जरूरी समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर नजदीकी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होता है। मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना इस अवधि से आगे हिरासत में नहीं रखा जा सकता।

4. हर व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार है

अनुच्छेद 21 प्रत्येक व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा देता है। किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता कानून द्वारा तय प्रक्रिया के बिना नहीं छीनी जा सकती। इसका मतलब है कि पुलिस समेत सरकारी एजेंसियों को भी कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी होती है।

5. पूछताछ के दौरान भी कानूनी सुरक्षा मिलती है

  • गिरफ्तार व्यक्ति पूछताछ के दौरान अपने वकील से मिलने का अधिकार रखता है। BNSS की धारा 38 के तहत गिरफ्तार व्यक्ति को पूछताछ के दौरान अपनी पसंद के वकील से मिलने की अनुमति है, हालांकि वकील पूरी पूछताछ के दौरान मौजूद रहने का अधिकार नहीं रखता।
  • संविधान के ये अधिकार केवल किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नागरिकों की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। इसलिए पुलिस कार्रवाई के दौरान घबराने के बजाय अपने अधिकारों की जानकारी रखना और कानून के मुताबिक सहयोग करना जरूरी है।