रूस ने कीव पर मिसाइलों से बड़ा हमला किया। इसमें इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और 4 लोग घायल हो गए। खार्किव में भी 3 लोग घायल हुए। प्रशासन ने लोगों को शेल्टर में रहने को कहा है। जेलेंस्की ने पहले ही बड़े हमले की आशंका जताई थी।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। बुधवार देर रात यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी सेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। धमाकों से राजधानी का आसमान रोशनी और धुएं से भर गया। कीव के मेयर विताली क्लित्श्को के मुताबिक, मिसाइलें एक शॉपिंग सेंटर और दो अन्य इमारतों से टकराईं। हमले में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है। शहर के पूर्वी हिस्से में एक इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। हमले के जारी रहने की चेतावनी देते हुए प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित ठिकानों यानी शेल्टर में ही रहने की अपील की। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुफिया जानकारी के हवाले से रूस की ओर से एक बड़े हमले की तैयारी की आशंका जताई थी। उधर, खार्किव में भी रूसी हमले में तीन लोग घायल हुए।















