संविधान दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में प्रस्तावना का पाठ किया। उन्होंने संविधान को 145 करोड़ नागरिकों का गौरव बताया। साथ ही महापुरुषों से जुड़े 3,955 स्थलों के सुंदरीकरण का शुभारंभ किया और निर्माताओं को नमन किया।
संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान योगी ने कहा कि भारत का संविधान देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। संविधान हर नागरिक को अधिकार देने के साथ उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि आम नागरिक में निहित है। योगी ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं को याद किया। उन्होंने प्रदेश में महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थलों में से 3,955 के सुंदरीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। साथ ही संविधान की मूल प्रति में भगवान राम, श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक से जुड़े चित्रों का भी उल्लेख किया।















