Cyclone Akvan Live: ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में Cyclone Akvan का खतरा बढ़ गया है। तूफान की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों के बीच ओडिशा में तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
Cyclone Akvan Odisha: ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान Akvan का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह तूफान की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल की यह प्रक्रिया करीब सात से आठ घंटे तक चल सकती है। तूफान के प्रभाव से तटीय जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। ओडिशा के कई इलाकों में मौसम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं, राहत और बचाव कार्यों के लिए सैकड़ों टीमें तैनात की गई हैं। इस चक्रवात का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। एहतियाती कदम उठाते हुए 69 ट्रेनों को रद्द किया गया है।
कई जिलों में भारी बारिश
श्रीकाकुलम जिले में रातभर भारी बारिश दर्ज की गई। कई मौसम केंद्रों पर 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। इचापुरम में सबसे ज्यादा 153.25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गंजाम के तटीय इलाकों में समुद्र की लहरें काफी ऊंची उठ रही हैं। मछुआरों ने समुद्र में जाने से परहेज किया है। वहीं, विशाखापत्तनम के तट पर फिलहाल तूफान का सीधा खतरा टलने की खबर है, हालांकि उत्तर आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है। ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। 423 बचाव टीमों को तैनात किया गया है। प्रशासन का लक्ष्य तूफान के दौरान जनहानि को रोकना और प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना है।














