Delhi Cylinder Blast : उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में LPG सिलेंडर धमाका किसकी लापरवाही से हुआ? धमाके के बाद मकान में रहने वाले लोगों का क्या हुआ? मकान बना मलबा, आखिर कैसे हुआ धमाका?
Mukundpur LPG Cylinder Explosion : उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को एक भयानक धमाका हो गया। यहां एक LPG सिलेंडर फटने से एक मंजिला मकान ढह गया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस घटना में छह लोग घायल हुए हैं। उनकी हालत के बारे में अभी कुछ साफ नहीं कहा जा सकता। डॉक्टरों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने बताया कि जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसका इस्तेमाल बर्तनों पर पॉलिश करने के लिए किया जाता था।

चंद सेकंड में ढह गया पूरा आशियाना
हादसे की जानकारी देते हुए स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) गिरिराज ने कहा, "LPG सिलेंडर में धमाके की वजह से करीब 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान ढह गया है... तलाशी और बचाव अभियान जारी है... फायर डिपार्टमेंट को दिल्ली के मुकुंदपुर में एक घर में धमाके की कॉल मिली थी।"
वहीं, दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि “हमें जानकारी मिली कि मुकुंदपुर इलाके में LPG सिलेंडर फटने के बाद एक मंजिला मकान ढह गया है। तलाशी और बचाव अभियान चल रहा है।”इस मामले में और जानकारी का इंतजार है।
दिल्ली के शाहदरा इलाके मेंफटा था सिलेंडर
- इस बीच, इससे पहले एक अलग घटना में पूर्वी दिल्ली के शाहदरा के अजीत नगर इलाके में सिलेंडर फटने से कम से कम चार लोग घायल हो गए थे।
शाहदरा के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। उन्होंने बताया कि हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल कुलदीप को मौके पर आग लगने की सूचना मिली और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने एक महिला, बच्चों और एक पुरुष को बचाया और उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। - एएनआई से बात करते हुए, शाहदरा डीसीपी ने कहा, "...दोपहर करीब 1:30 बजे, हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल कुलदीप को गांधी नगर के अजीत नगर की गली नंबर 9 में मकान नंबर 4332 में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने के बाद, उन्होंने पाया कि लोग पहली मंजिल पर फंसे हुए हैं। उन्होंने एक महिला, बच्चों और पति को बचाया, उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है।"
डीसीपी के मुताबिक, धमाके की वजह गैस सिलेंडर के पाइप का लीक होना हो सकता है। (एएनआई)


