Atal Canteen: दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के मौके पर 100 'अटल कैंटीन' शुरू हो गई हैं। यहां सिर्फ 5 रुपये में खाना मिलेगा। यहां मिलने वाला भोजन इतना शानदार है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद खाना खाया।
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजधानी में 100 'अटल कैंटीन' पूरी तरह से काम करने लगी हैं, जहां आम लोगों को बहुत सस्ती दर पर खाना मिल रहा है।इस पहल पर बात करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह वंचितों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने का एक वादा था, जिसे पूरा किया गया है। बता दें कि पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अटल कैंटीन में भोजन किया।
रोज 1000 लोग 5 रुपए में भर पेट खाएंगे खाना
- रेखा गुप्ता ने कहा, "देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर हमने उनके नाम पर दिल्ली में 100 'अटल कैंटीन' खोलने का संकल्प लिया था. इन 100 कैंटीनों के जरिए रोजाना 1,000 लोगों को सिर्फ 5 रुपये में खाना खिलाया जाएगा।"
- उन्होंने इस प्रोजेक्ट के पीछे की सोच पर जोर देते हुए कहा, "यह हमारा संकल्प था, जिसके जरिए हमने दिल्ली के लोगों तक अपनी संवेदना पहुंचाई. हमारा मकसद था कि दिल्ली में कोई भी भूखा न सोए. ये 100 कैंटीनें शहर भर में सुचारू रूप से चल रही हैं. यह पूर्व प्रधानमंत्री के चरणों में हमारी पुष्पांजलि, हमारी श्रद्धांजलि है।"
पहले फेस में 45 जगह 5 रुपए में मिलता था भोजन
- पिछले साल 26 दिसंबर को दिल्ली सरकार ने राजधानी के लोगों को सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन की थाली मुहैया कराने के लिए अटल कैंटीन योजना शुरू की थी। पहले चरण में, दिल्ली भर में 45 जगहों पर अटल कैंटीन खोली गई थीं। उद्घाटन के दिन आम जनता को मुफ्त में भोजन परोसा गया था।
- जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर में अटल कैंटीन के उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद शामिल हुए थे। इस मौके पर, 5 रुपये के भोजन का पहला टोकन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जारी किया था और उन्होंने खुद भी भोजन किया था।
रक्षाबंधन पर दिल्ली में महिलाएं फ्री करें बस सफर
- सीएम रेखा गुप्ता ने रक्षाबंधन के त्योहार से पहले महिला कल्याण और उनकी आवाजाही पर सरकार के फोकस पर भी जोर दिया. उन्होंने शहर की महिलाओं से 'पिंक कार्ड' सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया, जिससे उन्हें सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलती है।
- उन्होंने आगे कहा, "हम अपनी बहनों को राखी के त्योहार से पहले एक और मौका दे रहे हैं। जिन्होंने अभी तक अपना 'पिंक कार्ड' नहीं बनवाया है, वे इसे बनवा लें, ताकि दिल्ली की हर बहन दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा कर सके।"


