Delhi Metro Cable Theft: दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर बड़ा सुरक्षा चूक सामने आया। उद्घाटन के सिर्फ 4 दिन बाद ही भलस्वा और मजलिस पार्क के बीच करीब 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल चोरी हो गई। ट्रेनों की स्पीड घटानी पड़ी और यात्रियों को परेशानी हुई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

Delhi Metro’s Magenta Line: दिल्ली मेट्रो के नए और आधुनिक रूट पर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। जिस मैजेंटा लाइन कॉरिडोर का उद्घाटन कुछ दिन पहले ही हुआ था, वहां महज चार दिन के अंदर लगभग 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल चोरी हो गई। इस घटना के बाद मेट्रो संचालन पर असर पड़ा और ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी। यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रधानमंत्री ने किया था हाल ही में उद्घाटन

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक 9.9 किलोमीटर लंबे मैजेंटा लाइन कॉरिडोर का उद्घाटन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लेकिन गुरुवार को इस रूट पर चोरों ने बड़ी सेंध लगा दी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशनों के बीच करीब 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल काटकर चोरी कर ली गई।

यह भी पढ़ें: बच्चा नहीं गया स्कूल तो घर आ जाएंगे टीचर! UP में 1 अप्रैल से शुरू हो रहा ‘स्कूल चलो अभियान’

सिग्नलिंग सिस्टम प्रभावित, ट्रेनों की स्पीड घटी

केबल चोरी होने से सिग्नलिंग सिस्टम पूरी तरह प्रभावित हो गया। इसकी वजह से ट्रेनों को मैन्युअल मोड में चलाना पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार घटाकर करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई। इससे यात्रियों की यात्रा का समय बढ़ गया और दिनभर सेवाएं प्रभावित रहीं।

रात में चला मरम्मत का काम

DMRC के अधिकारियों ने बताया कि यात्री सेवाओं को पूरी तरह बंद किए बिना दिन में मरम्मत का काम करना संभव नहीं था। इसलिए रात 12:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच केबल बिछाने और मरम्मत का काम किया गया। स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार घोषणाएं करके यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी जाती रही। DMRC का कहना है कि सेवा को जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही आजादपुर मेट्रो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जहांगीरपुरी निवासी शेख शफीक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(4), 305(1), 3(5), 331 और DMRC एक्ट की धारा 74(1) और 78 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

दिल्ली मेट्रो में केबल चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। दरअसल इन केबलों में तांबा और एल्युमीनियम होता है, जिसकी स्क्रैप मार्केट में अच्छी कीमत मिल जाती है। अधिकारियों के मुताबिक ज्यादातर चोरियां रात 12:30 से सुबह 4 बजे के बीच होती हैं, जब मेट्रो सेवाएं बंद रहती हैं। इससे पहले 11 जनवरी को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी करीब 800 मीटर केबल को नुकसान पहुंचाया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था।

यह भी पढ़ें: लेहंगा पहनी युवती ने उठा लिया पत्थर, चिल्लाई, जान से मार दो... झांसी का चौराहा बना अखाड़ा