आम आदमी पार्टी (AAP) के थप्पड़ मारने वाले आरोप पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार को गालियां दीं और बदसलूकी की।
नई दिल्ली : सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने के आम आदमी पार्टी (AAP) के आरोपों पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने दावा किया है कि विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार को गालियां दीं और उनके साथ बदसलूकी की।
दरअसल, राजधानी में यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब AAP नेताओं ने एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में दिल्ली के मंत्री तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।
प्रवेश वर्मा बोले-हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक वीडियो जारी कर प्रवेश वर्मा ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि AAP विधायक जरनैल सिंह के समर्थकों ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी की। इसके साथ ही उन्होंने AAP नेता पर सड़क प्रोजेक्ट में कमीशन मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया।
- सिंह ने कहा, "जब उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गालियां देनी शुरू कीं, तो ऐसे हालात में कोई भी आम इंसान जो करता, मैंने भी वही किया। मैं आम आदमी पार्टी से कहना चाहता हूं कि जो काम आप नहीं कर पाए, वो आज हमारी सरकार कर रही है, इसी बात का आपके पेट में दर्द है। लेकिन अगर कोई मेरे परिवार को कुछ कहेगा, हमारे काम में रुकावट डालेगा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा या हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगेगा (जैसा कि AAP विधायक ने किया), तो हम यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।" उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर विधायक और उनके साथियों के खिलाफ आधिकारिक शिकायत और एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी गई है।
- मंत्री ने जोर देकर कहा कि विकासपुरी रिंग रोड का निर्माण 15 साल की अनदेखी के बाद हो रहा है। उन्होंने स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह और उनके समर्थकों पर विकास कार्यों को रोकने और पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों से कमीशन वसूलने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
किसने दी प्रवेश वर्मा को खुली चिनौती
कथित मारपीट को लेकर मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “प्रवेश वर्मा, आप एक डरपोक और कायर इंसान हैं, और आज पूरी दुनिया ने यह देख लिया है। आप जरनैल सिंह के सवालों का जवाब नहीं दे पाए, इसलिए आपने अपना आपा खो दिया और बौखला गए। आपने उस बच्चे को थप्पड़ मारा जो शांति से आपका वीडियो बना रहा था और कुछ बोल भी नहीं रहा था। उन्होंने वर्मा को खुली चुनौती देते हुए आगे कहा, "आज भी, अगर आपको पहलवानी का इतना ही शौक है, तो हम बिना किसी सिक्योरिटी गार्ड के उस लड़के के साथ आपका आमना-सामना करा सकते हैं, ताकि पता चल सके कि असली पहलवान कौन है।


